Sustainable Goa Summit 2026: गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि गोवा में एक बार फिर बीजेपी की डबल इंजन सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोवा के लोगों को बीजेपी सरकार के विकास कार्यों पर भरोसा है और चुनाव में पार्टी को इसका फायदा मिलेगा।
Sustainable Goa Summit में Times Network की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के साथ फायरसाइड चैट के दौरान मुख्यमंत्री ने गोवा के विकास, पर्यावरण, पर्यटन, माइनिंग, चुनाव और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा में पिछले लगभग आठ वर्षों में विकास के कई काम हुए हैं। सावंत ने कहा कि गोवा में दो एयरपोर्ट, दो रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी जैसे विकास कार्य दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि गोवा के लोग विकास को देख रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को फिर से जनादेश मिलेगा।
उन्होंने कहा, 'मुझे गोवा के लोगों के ऊपर पूरा भरोसा है। लोग मोदी जी को भी चाहते हैं, मुझे भी प्यार करते हैं और भारतीय जनता पार्टी को डबल इंजन की सरकार के कामकाज का अनुभव है।'
राहुल गांधी के आरोपों पर क्या बोले मुख्यमंत्री?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से गोवा में लूट, जमीन चोरी, नौकरियां चोरी और वोट चोरी जैसे आरोप लगाए जाने पर प्रमोद सावंत ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गोवा में एक बैठक करने आए थे और वहां उन्होंने जो भाषण दिया, वह पहले से लिखकर दिया गया था। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को उनके आरोपों पर सीधे बातचीत करने की चुनौती भी दी। सावंत ने कहा कि अगर राहुल गांधी उनसे बातचीत करना चाहते हैं तो वह दिल्ली में भी उनसे मिलने के लिए तैयार हैं।
अरविंद केजरीवाल की गारंटियों पर भी निशाना
गोवा में आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव से पहले दी गई गारंटियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को पता है कि उनकी सरकार नहीं बनने वाली, वे ऐसी घोषणाएं कर सकते हैं। केजरीवाल ने गोवा के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 3000 रुपये मासिक सहायता, प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और हर गांव में खेल मैदान जैसी गारंटियां दी हैं। इस पर प्रमोद सावंत ने कहा कि बीजेपी जो कहती है, वह करती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव में पार्टी ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया गया है।
वोट चोरी और SIR पर क्या बोले प्रमोद सावंत?
गोवा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट चोरी के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का 'शुद्धिकरण' एक नियमित प्रक्रिया है। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, उनमें कई ऐसे लोग थे जो गोवा में नहीं रहते थे या जिनके पास पुर्तगाली नागरिकता थी। कुछ लोग खाड़ी देशों में रहते थे और कई लोग गोवा के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी वोट रखते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए, वे फॉर्म-6 भरकर दोबारा अपना नाम शामिल करा सकते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा होने के आरोपों को भी खारिज किया। सावंत ने कहा कि अगर किसी राजनीतिक दल को शिकायत थी, तो उसे चुनाव आयोग के सामने शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी।
गोवा में माइनिंग जारी रहेगी, लेकिन सस्टेनेबल तरीके से
गोवा में माइनिंग के भविष्य पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खनन जारी रहेगा, लेकिन पर्यावरणीय नियमों और दिशानिर्देशों का पालन करते हुए। उन्होंने कहा कि वह खुद माइनिंग क्षेत्र से आते हैं और खनन बंद होने के बाद स्थानीय लोगों की समस्याओं को करीब से देखा है। सावंत ने दावा किया कि 2019 के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत राज्य में सस्टेनेबल माइनिंग की दिशा में काम शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन से राज्य की अर्थव्यवस्था को फायदा होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि खनन के दौरान पर्यावरण मंत्रालय, पर्यावरण प्रभाव आकलन समिति और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है।
गोवा में 12 फीसदी आर्थिक विकास का दावा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले वर्ष गोवा की आर्थिक विकास दर करीब 12 फीसद रही, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग दोगुनी है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों और निवेश को बढ़ावा देने के कारण आर्थिक विकास में तेजी आई है। सावंत ने कहा कि सरकार का फोकस पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, शिप बिल्डिंग, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स जैसे क्षेत्रों पर है। उन्होंने कहा कि गोवा में रेड कैटेगरी के उद्योगों को बढ़ावा देने के बजाय ऐसे उद्योगों पर ध्यान दिया जा रहा है, जो पर्यावरण के अनुकूल हों और टिकाऊ विकास में योगदान दें।
पर्यटन को सिर्फ Beach तक सीमित नहीं रखना चाहते
गोवा में हर साल 1.2 करोड़ से ज्यादा पर्यटकों के आने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन को नए क्षेत्रों तक विस्तार देना चाहती है। उन्होंने कहा कि गोवा को केवल बीच और सन एंड सी पर्यटन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। सरकार की ओर से वेलनेस टूरिज्म, स्पोर्ट्स टूरिज्म, स्पिरिचुअल टूरिज्म, वाइल्डलाइफ टूरिज्म और वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्किलिंग पर भी जोर दिया जा रहा है।
सोलर एनर्जी और LPG स्टोरेज पर भी चर्चा
गोवा में ऊर्जा जरूरतों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सोलर एनर्जी और CNG को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बाद गोवा में मुफ्त बिजली योजना शुरू किए जाने का जिक्र किया। दुबई आधारित कंपनी के LPG इंपोर्ट और स्टोरेज टर्मिनल में निवेश के सवाल पर सावंत ने कहा कि फिलहाल इस संबंध में समझौता हुआ है, लेकिन परियोजना पर अभी आगे काम नहीं हुआ है।
'यहां सभी त्योहार मिलकर मनाते हैं'
गोवा की बदलती आबादी और संस्कृति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की संस्कृति में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि गोवा में गणेश चतुर्थी और दिवाली जैसे हिंदू त्योहारों के साथ क्रिसमस भी पूरे उत्साह से मनाया जाता है। लोग एक-दूसरे के घर जाते हैं और मिठाइयां साझा करते हैं। सावंत ने कहा कि गोवा की संस्कृति आपसी समझ और सद्भाव पर आधारित है। उन्होंने बीजेपी को सबका साथ, सबका विश्वास वाली पार्टी बताते हुए कहा कि राज्य में सरकार सभी समुदायों के विकास के लिए काम कर रही है।
गोवा 2037 तक विकसित राज्य बनेगा
मुख्यमंत्री ने गोवा के भविष्य के लिए अपना विजन भी शेयर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से पहले गोवा को विकसित राज्य बनाना उनका लक्ष्य है। सावंत ने कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे, आर्थिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रही है। उन्होंने स्वयंपूर्ण गोवा मिशन का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य 2037 तक गोवा को विकसित राज्य बनाना है।
आठ साल में परिवार को नहीं दे पाए ज्यादा समय
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने निजी जीवन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में लगभग आठ साल के कार्यकाल में उन्हें परिवार के लिए बहुत कम समय मिल पाया है। सावंत ने कहा कि वह आठ वर्षों में एक बार भी परिवार के साथ विदेश यात्रा पर नहीं गए हैं और न ही किसी निजी भारतीय यात्रा पर जा सके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जिम्मेदारी उनके लिए परिवार से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है और वह आगे भी गोवा के विकास के लिए काम करते रहेंगे।
ये भी पढ़ें - बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक चक्रवाती तूफान क्यों?
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को याद करते हुए कहा कि उन्हीं के कारण वह राजनीति में आए। उन्होंने कहा कि वह आज भी खुद को बीजेपी का कार्यकर्ता मानते हैं और राजनीति में लगातार सीख रहे हैं। प्रमोद सावंत ने दोहराया कि उन्हें गोवा के लोगों पर पूरा भरोसा है और 2027 में राज्य में बीजेपी की डबल इंजन सरकार फिर से बनेगी।
