देश

11 साल पहले ली थी रिश्वत, अब बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व मैनेजर को 4 साल की जेल, लोन देने के बदले मांगे थे 25 हजार रुपये

2015 के रिश्वतखोरी के मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व मैनेजर को चार साल की जेल की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

Image

बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व मैनेजर को 4 साल की जेल

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में रिश्वतखोरी के मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व ब्रांच मैनेजर को चार साल की जेल की सजा सुनाई गई है। लखनऊ की सीबीआई अदालत ने 2 नवंबर को आरोपी सुबोध कुमार रस्तोगी को दोषी ठहराते हुए चार साल की कैद और 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

सीबीआई के मुताबिक, मामला साल 2015 का है। बलरामपुर के एक कारोबारी ने सोलर लाइट का कारोबार बढ़ाने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की बलरामपुर शाखा से 5 लाख रुपये का लोन लिया था। आरोप था कि लोन की पहली किस्त के तौर पर 1.25 लाख रुपये जारी करते समय तत्कालीन ब्रांच मैनेजर सुबोध कुमार रस्तोगी ने सीए चार्ज, स्टांप पेपर और फाइल चार्ज के नाम पर कारोबारी से करीब 25 हजार रुपये ले लिए थे।

इसके बाद कारोबारी के खाते में 3.75 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट भी जारी की गई। आरोप है कि इस रकम के बदले मैनेजर ने कारोबारी से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। उसने पैसे नहीं देने पर बैंक खाता बंद करने की धमकी भी दी।

कारोबारी की शिकायत पर सीबीआई ने 26 अक्टूबर 2015 को मामला दर्ज किया और जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान तत्कालीन ब्रांच मैनेजर सुबोध कुमार रस्तोगी को कारोबारी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 18 दिसंबर 2015 को आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। अब मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए चार साल की जेल और 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें