शहर

'हमारे यहां अपराध का कॉन्सेप्ट नहीं , क्राइम हो सकता है', CM सम्राट के बयान पर सियासी घमासान, तेजस्वी ने PM मोदी को भी घेरा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें वह बिहार में अपराध को लेकर कुछ ऐसा बोल गए जिसको लेकर उनकी आलोचना हो रही है। इस बयान पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने भी मोर्चा खोल दिया। उन्होंने सम्राट चौधरी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और उनके बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल उठाए।

Image

तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान ने विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का मौका दे दिया है। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि राज्य में अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। उनके इस बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उन्हें घेर लिया है। पार्टी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री का वीडियो साझा करते हुए न केवल उन पर, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।

सम्राट चौधरी ने क्या कहा?

दिल्ली में एक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में अपराध के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार चल रहा है और कानून-व्यवस्था के मामले में सरकार किसी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे संदिग्धों की पहचान कर तेजी से कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा, 'हमारे यहां कोई अपराध नहीं है, अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। कोई अपराधी नहीं।' सम्राट चौधरी ने आगे बोलते हुए कहा कि राज्य में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी कानून तोड़ेगा या गलत गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसे जेल भेजा जाएगा। ऐसे लोगों के लिए जेल के अलावा कोई दूसरा ठिकाना नहीं है।

'क्राइम हो सकता है, अपराध नहीं', RJD ने ली चुटकी

इस टिप्पणी पर RJD ने तंज कसते हुए भाषा और शब्दों के अंतर को लेकर मुख्यमंत्री को घेरा। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि हिंदी में जिसे अपराध कहा जाता है, अंग्रेजी में उसी के लिए क्राइम शब्द का इस्तेमाल होता है। उनके बयान को विपक्ष ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर कटाक्ष के तौर पर पेश किया।

तेजस्वी यादव ने PM मोदी को भी निशाने पर लिया

मुख्यमंत्री के बयान पर RJD नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी मोर्चा खोल दिया। उन्होंने सम्राट चौधरी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और उनके बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, ' मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात 𝟕 हत्याओं का आरोपी नमूना मोदी जी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री कह रहा है। मंच पर बैठे 𝐈𝐀𝐒/𝐈𝐏𝐒 इनके साथ काम करने पर अपने आपको सम्मानित समझ रहे है या अपमानित? क्या श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है?'

कानून-व्यवस्था पर फिर आमने-सामने सत्ता पक्ष और विपक्ष

सम्राट चौधरी के बयान और तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था का मुद्दा फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। मुख्यमंत्री जहां तकनीक के इस्तेमाल और जीरो टॉलरेंस नीति के जरिए अपराध पर लगाम लगाने का दावा कर रहे हैं, वहीं RJD उनके दावों पर सवाल उठा रही है। अब इस बयानबाजी ने राज्य में अपराध और सरकार के कामकाज को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नई सियासी तकरार पैदा कर दी है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article