देश

तिरुप्परंकुंद्रम विवाद: 24 नवंबर को दीपथून पर जलेगा कार्तिगई दीपम, सुप्रीम कोर्ट ने दी विशेष अनुमति, आम लोगों की एंट्री पर रोक

मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर विवादित दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कई निर्देश दिए हैं। पीठ ने कहा कि दीप जलाने की पूरी व्यवस्था प्रशासन की निगरानी में होगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न हो।

Image

सुप्रीम कोर्ट

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर विवादित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने यह इजाजत केवल इस साल के लिए एक बार के तौर पर दी है।

इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट के उस फैसले पर रोक लगा दी है, जिसमें दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि इस बार दीप जलाने की अनुमति को भविष्य में किसी धार्मिक परंपरा या स्थायी अधिकार के सबूत के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पांचोली की बेंच ने यह अंतरिम आदेश दिया। कोर्ट ने दीप जलाने की अनुमति के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई शर्तें भी लगाई हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दीपथून तक केवल मंदिर प्रशासन के अधिकृत प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों को जाने की अनुमति होगी। आम श्रद्धालुओं को वहां जाने की इजाजत नहीं होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने दीप जलाने के लिए क्या शर्तें रखीं?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दीप जलाने की पूरी व्यवस्था प्रशासन की निगरानी में होगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न हो।

अधिकृत लोगों को ही अनुमति

दीपथून तक केवल मंदिर प्रशासन के अधिकृत प्रतिनिधियों और संबंधित सरकारी अधिकारियों को जाने दिया जाएगा। आम लोगों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।

सुरक्षा व्यवस्था

प्रशासन पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करेगा। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तैनाती भी की जा सकती है।

प्रशासन की निगरानी

दीप जलाने की प्रक्रिया संबंधित सरकारी अधिकारियों की निगरानी में पूरी होगी।

एक बार की अनुमति

यह इजाजत केवल 24 नवंबर 2026 के आयोजन के लिए है। इससे भविष्य में दीप जलाने का कोई स्थायी अधिकार नहीं मिलेगा।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस अनुमति को दीपथून पर दीप जलाने की स्थापित परंपरा का अंतिम न्यायिक समर्थन नहीं माना जाएगा। कोई भी पक्ष इस आदेश के आधार पर अगले साल या भविष्य में इसी तरह दीप जलाने का दावा नहीं कर सकेगा।

क्या है तिरुप्परंकुंद्रम का दीपथून विवाद?

यह विवाद तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर एक प्राचीन पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर है। इस स्तंभ को 'दीपथून' कहा जाता है। यह पहाड़ी धार्मिक और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है। पहाड़ी के नीचे भगवान सुब्रमण्यम स्वामी का मंदिर है, जबकि ऊपर सूफी संत सिकंदर बदुशाह की दरगाह स्थित है। दीपथून दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है।

हिंदू श्रद्धालुओं की मांग है कि कार्तिगई दीपम के अवसर पर मंदिर की परंपरा के तहत दीपथून पर भी दीप जलाया जाए। वहीं, तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस स्तंभ पर दीप जलाने की कोई स्थापित परंपरा नहीं है। उनका तर्क है कि पारंपरिक रूप से दीप मंदिर परिसर में स्थित दीप मंडपम के पास जलाया जाता है।

मद्रास हाईकोर्ट ने श्रद्धालुओं के पक्ष में दिया था फैसला

इस विवाद की शुरुआत नवंबर 2025 में हुई थी। श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन से दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन मंदिर प्रशासन ने इससे इनकार कर दिया।इसके बाद श्रद्धालुओं ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया। 1 दिसंबर 2025 को जस्टिस जीआर स्वामीनाथन ने श्रद्धालुओं के पक्ष में फैसला सुनाते हुए मंदिर प्रशासन को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट का कहना था कि जिस स्थान पर दीप जलाने की मांग की गई है, वह दरगाह की जमीन का हिस्सा नहीं है और वहां दीप जलाने से दरगाह या मुस्लिम समुदाय के अधिकार प्रभावित नहीं होंगे।

आदेश का पालन नहीं होने पर अवमानना की कार्यवाही भी शुरू हुई। इसके बाद जनवरी 2026 में मद्रास हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने भी सिंगल जज के आदेश को बरकरार रखा। हालांकि, दीप जलाने की प्रक्रिया को सीमित करते हुए कहा गया कि मंदिर प्रशासन के अधिकृत कर्मचारी ही पुलिस सुरक्षा में वहां जाकर दीप जलाएंगे।

तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्यों दी चुनौती?

मद्रास हाईकोर्ट के आदेश को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सरकार की ओर से दलील दी गई कि दीपथून पर दीप जलाने की कोई स्थापित धार्मिक परंपरा नहीं है। सरकार ने कहा कि मंदिर की आगम परंपराओं के मुताबिक दीप उची पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक स्थान पर जलाया जाता है। सरकार ने यह आशंका भी जताई कि अगर दीपथून पर दीप जलाने के हाईकोर्ट के आदेश को लागू किया गया तो भविष्य में दूसरे पत्थर के स्तंभों को भी धार्मिक पहचान देकर ऐसे दावे किए जा सकते हैं। दरगाह प्रबंधन की ओर से भी इस मामले में आपत्ति जताई गई। उसकी दलील थी कि पहाड़ी पर दरगाह के अधिकारों और संपत्ति से जुड़े पहलुओं पर विचार किए बिना दीप जलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

दीप जलाने के पक्ष में क्या दलील दी गई?

श्रद्धालुओं की ओर से पेश वकीलों ने कहा कि दीपथून और दरगाह अलग-अलग पहाड़ियों या चोटियों पर स्थित हैं। दीपथून पर साल में एक बार दीप जलाने से दरगाह के अधिकार प्रभावित नहीं होंगे। उनकी दलील थी कि यह धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा मामला है और प्रशासन को श्रद्धालुओं की मांग पर रोक नहीं लगानी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट में अभी अंतिम फैसला नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल 24 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति देकर अंतरिम व्यवस्था की है। अदालत ने मद्रास हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाई है, लेकिन विवाद के सभी कानूनी पहलुओं पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। इसलिए अभी यह तय होना बाकी है कि दीपथून पर दीप जलाने की कोई स्थापित धार्मिक परंपरा है या नहीं और इस संबंध में श्रद्धालुओं के दावे को कानूनी मान्यता दी जा सकती है या नहीं। फिलहाल इतना तय है कि 24 नवंबर 2026 को दीपथून पर दीप जलेगा, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की अनुमति केवल एक बार के लिए है। इससे भविष्य में हर साल दीप जलाने का अधिकार स्थापित नहीं होगा।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article