देश

'नाम सिराज है, इसलिए टीम में जगह नहीं मिली?' कांग्रेस नेता इमरान मसूद का बड़ा आरोप, BJP ने किया पलटवार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली, जिसके बाद क्रिकेट से लेकर सियासी गलियारों तक बहस छिड़ गई। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज के चयन न होने पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि उनके नाम की वजह से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।

Image

मोहम्मद सिराज के चयन पर सियासी संग्राम, इमरान मसूद ने उठाए सवाल तो बीजेपी ने दिया जवाब। PTI

Photo : PTI

Mohammed Siraj: भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर सिरीज का पहला टेस्ट शुरू हुआ। इस मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली।

टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की खेल जगत में खूब आलोचनाएं हो रही है। हालांकि, इस मामले पर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज के चयन नहीं होने पर सवाल उठाते हुए धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने इशारों में कहा कि सिराज के नाम की वजह से उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया। बीजेपी ने कांग्रेस सांसद के बयान पर पलटवार करते हुए इसे क्रिकेट में वोट बैंक और सांप्रदायिक राजनीति करने की कोशिश बताया।

'नाम सिराज है, क्या यही वजह काफी नहीं?'

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि मोहम्मद सिराज ने अच्छा प्रदर्शन किया है, इसके बावजूद उन्हें प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इसकी वजह क्या हो सकती है?

मसूद ने कहा, 'उनका नाम सिराज है, क्या यही वजह काफी नहीं है? अगर वह प्रदर्शन कर रहे हैं और फिर भी उनका चयन नहीं हो रहा है, तो इसकी और क्या वजह हो सकती है? इसके अलावा कोई दूसरी वजह नहीं हो सकती।'एक अन्य बातचीत में उन्होंने कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं देना भेदभाव को स्पष्ट करता है। उनके इस बयान के बाद क्रिकेट टीम के चयन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई।

क्रिकेट में वोट बैंक की राजनीति बंद करे कांग्रेस: बीजेपी

इमरान मसूद के आरोपों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर क्रिकेट टीम के चयन को सांप्रदायिक रंग देने और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।

भंडारी ने कहा कि कांग्रेस अब क्रिकेट टीम के चयन में भी वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि सिराज के अलावा रविंद्र जडेजा को भी प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली। ऐसे में किसी एक खिलाड़ी के धर्म को चयन न होने की वजह बताना गलत है। उन्होंने कहा कि हर क्रिकेटर भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए टीम को बांटने के बजाय खेल पर ध्यान देना चाहिए।

सिराज को क्यों नहीं मिली प्लेइंग-11 में जगह?

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया। जसप्रीत बुमराह के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ा।

सिराज के बाहर होने पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी सवाल उठाए थे। गावस्कर ने उनके बाहर होने को हैरान करने वाला बताया, जबकि शास्त्री ने सिराज के अनुभव और गेंदबाजी क्षमता का हवाला देते हुए उन्हें टीम में शामिल किए जाने की बात कही थी।

हालांकि, भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने चयन का बचाव किया। गिल ने कहा कि सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, इसलिए प्लेइंग-11 चुनना मुश्किल था। वहीं, कोटक ने स्पष्ट किया कि टीम प्रबंधन ने परिस्थितियों और टीम के संयोजन को ध्यान में रखते हुए सर्वश्रेष्ठ उपलब्ध विकल्प चुने।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article