देश

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एकनाथ शिंदे का रेस्क्यू मिशन, यूएई से आई पहली विशेष फ्लाइट, 70 लोगों की हुई वतन वापसी

दुबई में फंसे महाराष्ट्र के 164 नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विशेष विमान की व्यवस्था की है। फुजैरा एयरपोर्ट से स्टार एयर की दो उड़ानों में से एक यूएई से वापस आ गई है। इसमें 70 लोगों की वतन वापसी हुई है।

Image

दुबई में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों के लिए एकनाथ शिंदे की ओर से विशेष विमान की व्यवस्था।

ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण मध्य पूर्व का हवाई क्षेत्र बंद हो गया है। इसकी वजह से दुबई सहित यूएई में महाराष्ट्र के कई नागरिक फंस गए हैं। इस स्थिति में फंसे नागरिकों की मदद के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तुरंत कदम उठाए हैं। उन्होंने संकट में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों से खुद संपर्क किया और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए विशेष विमानों की व्यवस्था की है। वहीं, शिवसेना विधायकों ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों को वापस लाने के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा आयोजित दो उड़ानों में से पहली उड़ान मंगलवार रात मुंबई में लगभग 70 यात्रियों के साथ उतरी। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने अपने तीन विधायकों, मुर्जी पटेल, दिलीप लांडे और मंगेश कुडालकर को, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने वाले यात्रियों का स्वागत करने के लिए भेजा था।

इससे पहले, स्टार एयर की दो विशेष उड़ानें आज (मंगलवार 3 मार्च) दोपहर फुजैरा एयरपोर्ट से रवाना हुई थीं।

  • VT-GSO – शाम 3:30 बजे टेकऑफ
  • VT-GSH – शाम 4:30 बजे टेकऑफ

इन दोनों विमानों से कुल 164 यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर आने थे, जिनमें से 70 आ चुके हैं। इन यात्रियों में पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र, साथ ही ठाणे, मुरबाड, अहिल्यानगर सहित अन्य क्षेत्रों के नागरिक शामिल हैं।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी ने दो दिन पहले ही इन मराठी नागरिकों से बातचीत की थी। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा था की आप सभी सुरक्षित हैं, चिंता न करें। महाराष्ट्र सरकार और मैं खुद मजबूती से आपके साथ खड़े हैं। आपको सुरक्षित रूप से देश वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद सभी संबंधित एजेंसियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया और अंततः 164 यात्रियों को सुरक्षित रूप से स्वदेश वापस लाने का रास्ता साफ हो सका।

अभिनेत्री विशाखा सुभेदार के बेटे को भी सुरक्षित लाया जाएगा

मराठी अभिनेत्री विशाखा सुभेदार के बेटे अभिनय सुभेदार लंदन जाते समय युद्ध जैसी स्थिति के कारण कुवैत एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। इस संबंध में विशाखा सुभेदार ने वीडियो के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष कार्यकारी अधिकारी राहुल गेठे ने अभिनय सुभेदार से संपर्क किया

इसके बाद एकनाथ शिंदे ने स्वयं विशाखा सुभेदार से फोन पर बातचीत कर जानकारी दी कि अधिकारी लगातार अभिनय के संपर्क में हैं और फिलहाल उसके ठहरने की व्यवस्था एक होटल में कर दी गई है। जैसे ही विमान सेवाएं सामान्य होंगी, अभिनय सुभेदार को सुरक्षित रूप से मुंबई वापस लाया जाएगा, ऐसा आश्वासन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article