शहर

Uttarakhand News: युवा खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, सीएम धामी ने शुरू की खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026

Uttarakhand News: उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का आगाज हो गया है। टनकपुर के स्वर्गीय कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष कुल 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया है।

Image

टनकपुर से खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का आगाज (फोटो- X/CM Pushkar Singh Dhami)

Photo : Twitter

Uttarakhand News: उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले के टनकपुर स्थित स्वर्गीय कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास को लेकर लगातार कई स्तरों पर काम कर रही है।

11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल खेल महाकुंभ के विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को कुल 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। यह रकम खिलाड़ियों के बैंक खातों में सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनकी मेहनत का उचित सम्मान मिले और उन्हें आगे बढ़ने के लिए आर्थिक मजबूती भी हासिल हो।

खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में कम उम्र से ही खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को खेल छात्रवृत्ति और आवश्यक खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के जरिए 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री खेल विकास निधि का गठन

इसके अलावा, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा उत्तराखंड के स्थानीय और पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था भी लागू है। इस व्यवस्था के तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति दी जा चुकी है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article