देश

यूपी सरकार पर भरोसा नहीं- विधायक पूजा पाल के आरोपों पर बोले सपा प्रमुख अखिलेश यादव, केंद्र से की जांच की मांग

पूजा पाल और समाजवादी पार्टी के बीच चल रहा यह विवाद सिर्फ एक व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप नहीं है, बल्कि इसके राजनीतिक और सामाजिक निहितार्थ भी हैं। पूजा पाल जहां खुद को एक दबे-कुचले वर्ग की आवाज़ बता रही हैं, वहीं अखिलेश यादव इन आरोपों को संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Image

सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फोटो- PTI)

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी से हाल ही में निष्कासित चायल विधायक पूजा पाल के बीच विवाद ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने पूजा पाल द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला "गंभीर चिंता" का विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यह बयान उस पत्र के बाद आया है जिसमें पूजा पाल ने अखिलेश यादव को सीधे तौर पर अपनी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार ठहराया था। पाल ने पत्र में लिखा था कि यदि उन्हें कुछ होता है तो समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव इसके लिए जिम्मेदार होंगे।

अखिलेश का सवाल

यादव ने पूजा पाल के इस दावे पर सवाल उठाए कि उन्हें समाजवादी पार्टी और सपा नेताओं से जान का खतरा है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा- "यह समझ से परे है कि कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री से मिल रहा है और उसे किसी अन्य पार्टी के नेता से जान का खतरा है। मैं इसे समझ नहीं पा रहा हूं…”

केंद्र सरकार से सुरक्षा की मांग

सपा प्रमुख ने बताया कि पार्टी ने केंद्र सरकार से पूजा पाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार पर उन्हें भरोसा नहीं है। यादव ने कहा- “यहां हमलोग जेल चले जाएंगे। मार देंगे बीजेपी वाले... जांच जरूरी है। हम उत्तर प्रदेश सरकार पर इस मामले में भरोसा नहीं कर सकते। इसलिए हमने केंद्र सरकार के गृह मंत्री को यह पत्र लिखा है। हमें उम्मीद है कि वे न्याय सुनिश्चित करेंगे...।"

समय पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने पूजा पाल के आरोपों के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाल लंबे समय से सपा के साथ थीं और इस दौरान उन्होंने कभी भी किसी प्रकार की धमकी की बात नहीं की। “कई सालों तक वह हमारे साथ रहीं, फिर उन्हें किसी से कोई ख़तरा नहीं था,” यादव ने कहा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article