देश

'जब राहुल गांधी अमेठी के MP थे, स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठते थे', छात्रों और वंदे मातरम् मुद्दे पर कांग्रेस पर बरसीं स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन और वंदे मातरम् के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी के अमेठी से सांसद रहने के दौरान स्कूलों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ते थे। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर मुद्दों को लेकर चयनात्मक राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

Image

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर साधा निशाना। ANI

Photo : ANI

Smriti Irani Attacks Rahul Gandhi: बीजेपी की नव निर्वाचित राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने छात्र आंदोलन से लेकर वंदे मातरम् मुद्दो तक, कई मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा। जेपीएससी-जेएसएससी (JPSC-JSSC) अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस लिया? अगर नहीं तो क्या यह राहुल गांधी की चयनात्मक राजनीति नहीं है? स्मृति ईरानी ने पंजाब और केरल में भी इसी तरह इस्तीफे की मांग किए जाने पर सवाल उठाया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में छात्रों के मुद्दों को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें हर राज्य में एक समान रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक नजरिए से देख रहे हैं।

अमेठी का जिक्र कर साधा निशाना

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के अमेठी सांसद रहने के दौरान की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ते थे। उनके मुताबिक, मोदी-योगी सरकार ने स्कूलों में बच्चों के लिए टेबल और कुर्सियां उपलब्ध कराने का काम किया।

'गृह मंत्री चर्चा के लिए तैयार थे, राहुल गांधी क्यों नहीं आए?'

स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि जब देश के गृह मंत्री ने सार्वजनिक रूप से चर्चा के लिए तैयार होने की बात कही, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी चर्चा के लिए आगे क्यों नहीं आए। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में पीछे कौन हटा?

जंतर-मंतर प्रदर्शन पर भी उठाए सवाल

स्मृति ईरानी ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां विपक्ष एकजुट नहीं बल्कि बंटा हुआ नजर आया। उन्होंने दावा किया कि अगर प्रदर्शन केवल छात्रों का कार्यक्रम होता, तो राहुल गांधी वहां जरूर जाते।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वहां अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की मौजूदगी देखी और आम आदमी पार्टी से दूरी बनाए रखने के कारण प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। स्मृति ईरानी ने इसे राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति से जोड़ते हुए कहा कि इससे संकेत मिलता है कि राहुल गांधी भी मानते हैं कि जंतर-मंतर पर राजनीतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article