देश

BJP के लोग झूठ बोलते हैं, साजिशें रचते हैं, सपा का कोई भी सांसद पार्टी नहीं तोड़ेगा: शिवपाल का पलटवार

Shivpal Yadav: शिवपाल ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। साथ ही भरोसा जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा अखिलेश के नेतृत्व में सपा की बनेगी।

Image

शिवपाल यादव का राजभर पर पलटवार

Photo : ANI

Shivpal Yadav: समाजवादी पार्टी में टूट का दावा करने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर सपा नेता शिवपाल यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने ऐसे दावों को बीजेपी की साजिश करार दिया। शिवपाल ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। साथ ही भरोसा जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा अखिलेश के नेतृत्व में सपा की बनेगी।

भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं- शिवपाल

ओपी राजभर के बयान पर सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा, भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। वे समय-समय पर साजिशें भी रचते रहते हैं। समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद दल नहीं तोड़ेगा। ये लोग चुनाव के दौरान अपनी टीआरपी बढ़ाने और सीटें बढ़ाने के लिए ऐसा कहते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें ट्वीट करने के लिए पैसे मिलते हैं, इसीलिए वे ऐसी बातें कहते हैं, झूठ बोलते हैं... 2027 में उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी... पूरे उत्तर प्रदेश में कोई भी ओम प्रकाश राजभर को गंभीरता से नहीं लेता।

राजभर ने अब क्या-क्या कहा?

राजभर ने X पर लिखा- कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा। और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है। योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी।

जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने...

मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, एसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें। और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगें।

इससे पहले 17 जून को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी में टूट का दावा किया है। राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!