जिस नाम का डर दिखाकर एक्टर तुषार कपूर (Tusshar Kapoor) से 5 करोड़ रुपये मांगे गए, अब उसी नाम की सच्चाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था, लेकिन मुंबई पुलिस की जांच में उसकी आवाज हैरी बॉक्सर के असली वॉइस सैंपल से मेल नहीं खाई। ऐसे में अब शक गहरा गया है कि कहीं किसी ने गैंग की दहशत का सहारा लेकर अभिनेता को डराने और मोटी रकम वसूलने की साजिश तो नहीं रची? पुलिस अब धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-2000 करोड़ की Ramayana के मेकर्स को बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत, फिल्म लीक करने वालों की अब खैर नहीं!)
तुषार कपूर को कैसे मिली धमकी?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तुषार कपूर को एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने अपनी पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में बताई और कथित तौर पर अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की। इस धमकी के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की जांच पहले एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंपी गई और बाद में मुंबई क्राइम ब्रांच भी इसमें जुट गई। मामले की तह तक पहुंचने के लिए क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे फोन की आवाज की रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद इस आवाज की तुलना पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के पुराने आवाज नमूनों से की गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में मेल नहीं मिला। इस नतीजे के बाद जांचकर्ताओं को शक है कि फोन करने वाला असली हैरी बॉक्सर नहीं था, बल्कि उसने गैंग का नाम लेकर डर फैलाने की कोशिश की।
अब धमकी देने वाले की तलाश में पुलिस
बताते चलें कि पुलिस अब उस व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है, जिसने तुषार कपूर को धमकी भरी आवाज की रिकॉर्डिंग भेजी थी। जांच का मुख्य मकसद यह पता लगाना है कि फोन किसने किया और उसके पीछे कौन था। फिलहाल, इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।
