Karnataka Leadership Row: असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बीच कर्नाटक में एक बार फिर से नेतृत्व परिवर्तन का मुद्दा गरमाने लगा है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच लंबे समय से मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान जारी है। एकाद माह में बार-बार नेतृत्व परिवर्तन का मुद्दा उठने लगता है और शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज हो जाती है।
मौजूदा समय में शिवकुमार असम में कांग्रेस नेताओं का मनोबल बढ़ा रहे हैं और उन्हें एकजुट रखने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि 4 मई को जब चुनावी नतीजे सामने आएंगे तो तमाम एग्जिट पोल घरे के घरे रह जाएंगे और राज्य में कांग्रेस सरकार बनाएगी। ऐसे में कांग्रेस भविष्य की योजनाएं बनाने में जुटी हुई है कि कहीं कोई हमारा जीता हुआ विधायक पाला बदलने की कोशिश न करें। इसीलिए शिवकुमार को असम भेजा गया है। लंबे समय से शिवकुमार नेताओं को एकजुट रखने और होटल पॉलिटिक्स के लिए जाने जाते रहे हैं।
क्या कर्नाटक में होगा खेला
भले ही शिवकुमार असम में हों, लेकिन कर्नाटक में उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद उनका नाम प्रमुखता से अगले मुख्यमंत्री के तौर पर लिया जा रहा है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री शिवकुमार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान पर निर्भर है।
परेमश्वर ने आलाकमान वाला खेला दांव
सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जारी अटकलों के बीच, उन्होंने शिवकुमार को "गुड लक" कहा। मुख्यमंत्री पद के लिए शिवकुमार की आकांक्षा पर पूछे गए सवाल के जवाब में परमेश्वर कहा, ''मैंने हमेशा उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इसके अलावा कुछ नहीं; हम अच्छे दोस्त हैं। वह पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के अध्यक्ष हैं, और स्वाभाविक रूप से उनकी इच्छा मुख्यमंत्री बनने की है। इसमें कोई आपत्ति नहीं कर सकता, लेकिन यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आलाकमान क्या निर्णय लेता है।"
नेतृत्व परिवर्तन को लेकर क्या बोले खरगे
इससे पहले, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि अभी नेतृत्व परिवर्तन की तारीख तय नहीं है। खरगे ने कहा, "देखिए, हम तीनों मिलकर निर्णय लेंगे-मैं कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में, सोनिया गांधी कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख के रूप में और राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में। इसीलिए, हम हमेशा मिलकर काम करते हैं।"
क्या है असल विवाद
डी के शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के समय मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के साथ कथित सत्ता-साझेदारी समझौते के अनुरूप उनके पदोन्नयन (मुख्यमंत्री बनाए जाने) की मांग कर रहे हैं। कुछ समर्थकों ने तो यह भी दावा किया है कि 15 मई तक "अच्छी खबर" मिल सकती है, जो शिवकुमार का जन्मदिन है।
