शहर

UP Rain Alert: यूपी में 24 घंटे में 19 गुना अधिक बरसे बादल, 10 लोगों की मौत, 63 जिलों में रेड अलर्ट जारी

​UP Rain Alert News: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। 24 घंटे में सामान्य से 19 गुना बारिश, 10 लोगों की मौत और 117 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। तराई इलाकों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी।

Image

यूपी में बेतहाशा बारिश

Photo : PTI

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भीषण और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के 63 जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई स्थानों पर अचानक बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौसम विभाग और सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में औसतन सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई है। फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात तथा हरदोई में 130 गुना से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

दीवार ढहने और पेड़ गिरने से दर्दनाक हादसे

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी और गोरखपुर जिलों में मौतों की सूचना मिली है। गोरखपुर जिले में पेड़ उखड़ने से हुई घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। कैंपियरगंज के लखमीपुर II गांव में दोपहर करीब 4 बजे एक झोपड़ी पर पुराना साल का पेड़ गिर गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राजधानी लखनऊ के चैना गांव में कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। वहीं, लगातार बारिश के कारण लखनऊ स्थित ऐतिहासिक हुसैनाबाद गेट का एक हिस्सा ढह गया। कन्नौज जिले में लगातार बारिश से 20 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

फसलों को भारी नुकसान, अयोध्या में जनजीवन प्रभावित

तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते राज्यभर में 117 घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बिछ गई हैं। अयोध्या में राम पथ, राम मंदिर परिसर, हनुमानगढ़ी और सरयू तट के आसपास श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव: अखिलेश यादव ने साधा निशाना

बारिश के कारण उन्नाव के पास गंगा एक्सप्रेसवे के सोनिक टोल प्लाजा पर 5 से 6 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात ठप हो गया। इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा,

प्रशासन अलर्ट पर, स्कूल बंद रखने के आदेश

पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बने डिप्रेशन के उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के कारण मौसम विभाग (IMD) ने तराई और मध्य यूपी के जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने, संवेदनशील इलाकों का दौरा करने और राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। रेड अलर्ट वाले जिलों में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। राहत आयुक्त ने बताया कि स्थिति अगले 36 घंटों में सामान्य होने की उम्मीद है और आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article