US-India partnership: भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिका की ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। 'ऑपरेशन मानसून थंडर' नाम के इस अभियान की अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने खुलकर तारीफ की और इसे दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों की मिसाल बताया। गोर ने NCB की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए X पर लिखा कि भारत की NCB ने अमेरिकी DEA के साथ मिलकर एक ऐसे नेटवर्क को ध्वस्त किया, जो अमेरिका में उपभोक्ताओं तक अवैध ड्रग्स पहुंचा रहा था। इस कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व के लिए धन्यवाद भी दिया।
डिजिटल तरीकों से चल रहा था नेटवर्क
NCB के मुताबिक यह गिरोह अमेरिका में साइकोट्रोपिक और ओपिओइड दवाओं की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क का भारतीय मॉड्यूल था। यह टेलीग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए काम करता था, जबकि ऑर्डर संभालने के लिए गूगल शीट्स का इस्तेमाल होता था। डिलीवरी डाक मार्गों और ड्रॉप-शिपिंग के जरिए की जाती थी, और भुगतान डिजिटल पेमेंट, क्रिप्टोकरेंसी और हवाला नेटवर्क से होता था।
कार्रवाई के नतीजे
NCB ने बताया कि चार भारतीय शहरों में कार्रवाई कर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच में अमेरिका के भीतर भेजे गए करीब 3,000 पार्सल की पहचान हुई, जिनमें लगभग पांच लाख गोलियां थीं। एजेंसी ने 59,000 से ज्यादा अमेरिकी व्यक्तियों से जुड़े रिकॉर्ड भी DEA के साथ साझा किए, जिसके आधार पर DEA ने दो सक्रिय खेप जब्त कीं। जांच एजेंसियां अब गिरोह के मास्टरमाइंड, ड्रॉप-शिपर्स और पैसों के लेन-देन की कड़ियों के साथ-साथ व्यापक अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का पता लगा रही हैं।
NCB ने इस अभियान को दोनों देशों की कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग की ताकत और ड्रग तस्करी के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
हाल ही में हुई थी कार्यकारी समूह की बैठक
इसी महीने 2-3 नवंबर को नई दिल्ली में NCB की मेजबानी में दूसरी भारत-अमेरिका ड्रग पॉलिसी एक्जीक्यूटिव वर्किंग ग्रुप बैठक हुई थी। भारतीय दल का नेतृत्व NCB के महानिदेशक अनुराग गर्ग ने किया, जबकि अमेरिकी दल की अगुवाई ऑफिस ऑफ नेशनल ड्रग कंट्रोल पॉलिसी (ONDCP) की कार्यवाहक उप-निदेशक डेबी सेगुइन ने की।
बैठक में खुफिया जानकारी साझा करने, समन्वित कानून-प्रवर्तन कार्रवाई, प्रीकर्सर नियंत्रण, फार्मास्यूटिकल सप्लाई चेन की अखंडता और ड्रग डिमांड रिडक्शन जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर चर्चा हुई। अनुराग गर्ग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और अमित शाह के नेतृत्व में तैयार 'इंडिया विजन रोडमैप 2026–2029' का भी जिक्र किया।
