देश

उत्तर भारत में सर्दी का अटैक, कश्मीर से दिल्ली तक बिगड़े मौसम के हालात; जानें लेटेस्ट वेदर अपडेट

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 2, 2026, 05:25 PM IST

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है और कई राज्यों में सर्दी के साथ-साथ बारिश व कोहरे का असर देखा जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और कश्मीर में शीतलहर, ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी जारी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा व अन्य योजनाएं बनाने की सलाह दी है।

North India Weather Update (Symbolic Photo)

उत्तर भारत पर मौसम की मार (सांकेतिक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

North India Weather Update: उत्तर भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम का मिजाज इन दिनों बेहद खराब है। दिल्ली, राजस्थान, कश्मीर, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर, बारिश, ओलावृष्टि, कोहरा और बर्फबारी का अलर्ट बरकरार है। मौसम विभाग की हाल फिलहाल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पश्चिमी हिमालयी इलाके में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी हो सकती है, साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसी के IMD ने लोगों से अपील की है कि वे अलर्ट रहें और अपने प्लान मौसम के हालातों को देखकर बनाएं।

दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा

सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, तड़के पालम और सफदरजंग दोनों स्थानों पर दृश्यता घटकर लगभग 100 मीटर रह गई। इस दौरान दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस और पालम में 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। लोधी रोड और रिज जैसे अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 11 से 11.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सोमवार को दिल्ली एनसीआर में धूप देखने को नहीं मिली।

पंजाब और हरियाणा ठंड का कहर

पंजाब और हरियाणा में भी सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहा। हरियाणा के सिरसा में 6.6 डिग्री सेल्सियस के साथ क्षेत्र का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। पंजाब में लुधियाना का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और अमृतसर का 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पटियाला में 9.4 डिग्री, पठानकोट में 7.2 डिग्री, होशियारपुर में 8.3 डिग्री और फरीदकोट में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में रात काफी ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में अंबाला का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, हिसार का 11 डिग्री, करनाल का 9.7 डिग्री, रोहतक का 12.2 डिग्री और गुरुग्राम का 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति अभी बनी रह सकती है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। IMD जयपुर के मुताबिक, सोमवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में राज्य के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के भैंसरोड़गढ़ में सर्वाधिक 13 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान बाड़मेर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस जबकि पाली में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि कोटा और उदयपुर संभाग सहित दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है। इन इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा राज्य के उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी भागों में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

कश्मीर के लिए IMD ने कहा ये

कश्मीर घाटी में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से करीब तीन डिग्री अधिक है। अधिकारियों के अनुसार, चालीस दिन की कड़ी सर्दी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के खत्म होने के बाद से तापमान में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। बारामूला जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से आठ डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री नीचे रहा। काजीगुंड में तापमान 0.7 डिग्री, कोकरनाग में शून्य से 0.6 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ‘चिल्ला-ए-कलां’ के बाद अब 20 दिनों का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ (हल्की सर्दी) शुरू हो चुका है, जिसके बाद 10 दिन का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ रहेगा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

End of Article