देश

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM संगमा से की बात, मुआवजे का भी ऐलान; अबतक 18 मजदूरों ने गंवाई जान

Meghalaya Coal Mine: मेघालय की एक कोयला खदान में हुए भीषण धमाका मामले में मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुआवजे का ऐलान किया है।

Image

मेघालय की कोयला खदान में भीषण हादसा

Photo : ANI

Meghalaya Coal Mine: मेघालय की एक कोयला खदान में गुरुवार को हुए भीषण धमाके में 18 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री कोनराड संगमा से फोन पर बात की और स्थिति का जायजा लिया।

मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोयला खदान में हुए हादसे को लेकर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया। इस हादसे में जान गंवाने वाले 18 मजदूरों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी, जबकि घायलों को 50,000-50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। यह मुआवजा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स में हुए हादसे से दुखी हूं। अपने प्रियजन को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। PMNRF से प्रत्येक पीड़ित परिजनों को दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"

मेघालय की संगमा सरकार ने भी मुआवजे की घोषणा की है। बकौल संगमा सरकार, पीड़ितों के परिजनों को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि मुहैया कराया जाएगा।

कब और कहां हुआ हादसा

मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के थांगस्काई इलाके में मौजूद खदान में गुरुवार को अचानक धमाका हुआ। हालांकि, विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है और अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

अमित शाह ने CM संगमा से की बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री कोनराड संगमा से फोन पर बात की केंद्रीय और मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के एक गांव में एक संदिग्ध अवैध कोयला खदान में विस्फोट के बाद हुई घटना की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान, उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

CM ने जांच के दिए आदेश

मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने इस घटना पर दुख जताया और मामले की जांच की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ''इस घटना से बहुत दुख हुआ है। इस दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।'' संगमा ने कहा कि राज्य सरकार ने घटना की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जवाबदेही तय की जाएगी, और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान अब तक 18 शव बरामद किए गए हैं। कुमार ने बताया कि घटना में घायल एक व्यक्ति को एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे राज्य की राजधानी शिलांग रेफर कर दिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article