देश

चीन से तनातनी के बीच पुतिन ने किया PM मोदी को फोन, जानिए किन मुद्दों पर हुई बात

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 16, 2022, 05:03 PM IST

चीन के साथ तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पीएम मोदी को फोन करना एक बड़े संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। रूस, यूक्रेन में उलझा हुआ है और इधर भारत, सीमा पर चीन के घुसपैठ का मुंहतोड़ जवाब दे चुका है। ऐसे में पुतिन का फोन आना बहुत कुछ कहता है।

यूक्रेन के साथ जंग के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके कई मामलों पर बात की है। रूस यूक्रेन के साथ जंग में फंसा है, जहां उसे भारत के सहयोग की सख्त जरूरत है, वहीं भारत भी चीन के साथ सीमा पर तनाव का सामना कर रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग को और बढ़ाने पर जोर दिया है। दोनों नेताओं ने ऊर्जा सहयोग, व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ अन्य प्रमुख मुद्दों पर बात की और उसके विकास की समीक्षा की।

इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन संघर्ष को लेकर बातचीत और कूटनीति के अपने आह्वान को पुतिन के सामने फिर से दोहराया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को जी-20 में भारत की मौजूदा अध्यक्षता के बारे में जानकारी दी और इसकी प्रमुख प्राथमिकताओं पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन की भारत की अध्यक्षता के दौरान दोनों देशों के एक साथ काम करने की भी उम्मीद जताई। बातचीत के अंत में दोनों नेताओं ने एक दूसरे के साथ नियमित संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की है।

बता दें कि रूस ने यूक्रेन पर एक बार फिर से हमलों में तेजी लाई है। पुतिन के सैनिकों ने एक साथ 60 मिसाइलों से यूक्रेन पर हमला बोला है। इन मिसाइलों ने यूक्रेन के तीन शहरों को निशाना बनाया है। इन हमलों के बाद से यूक्रेन के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई और लोग भंयकर ठंड में बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article