देश

Kedarnath: केदारनाथ मार्ग पर पहाड़ से पत्थरों की बारिश के बाद गिरी चट्टान, एहतियातन रोकी गई यात्रा

Kedarnath: उत्तराखंड में जमकर मानसूनी बारिश हो रही है। जिसकी वजह से लगातार पहाड़ों से पत्थर, चट्टानें इत्यादि भर-भराकर गिर रहे हैं और मिट्टी का कटाव हो रहा है। इस बीच, शनिवार को केदारनाथ धाम से पहले चट्टान गिर गई। हालांकि, इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।

Image

सोनप्रयाग में दरका पहाड़ (फाइल फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • पहाड़ों में जमकर हो रही बारिश।
  • भूस्खलन का बना हुआ खतरा।
  • केदारनाथ मार्ग पर गिरी चट्टान।

Kedarnath: उत्तराखंड के पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश से लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पहाड़ों से लगातार पत्थर, चट्टानें और बोल्डर गिरने की भी कई घटनाएं सामने आ रही है।

चारधाम यात्रा जारी

उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा भी चल रही है। हर दिन हजारों श्रद्धालु केदारनाथ धाम जाकर बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। इसी बीच, शनिवार को एक बार फिर केदारनाथ धाम से पहले कुछ पत्थर नीचे आकर गिरे और फिर देखते ही देखते पहाड़ से चट्टान गिर गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

एहतियातन रोकी गई यात्रा

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शनिवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग में सोनप्रयाग शटल पार्किंग के ऊपर से चट्टान गिरने की सूचना मिली। जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। भारी बारिश को देखते हुए पहले ही सभी यात्रियों को सतर्क कर दिया गया था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा कुछ समय के लिए रोक दी गई है।

चीरवासा में गिरे थे पत्थर

बता दें कि बीते रविवार को भी केदारनाथ धाम के यात्रा मार्ग गौरीकुंड से लगभग 3 किलोमीटर आगे चीरवासा नामक जगह पर ऊपर पहाड़ी से मलबा पत्थर आने से कई श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए थे। जिसमें 3 श्रद्धालुओं की मलबा पत्थर में दबकर दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 8 लोग इसमें घायल हो गए थे।

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!