देश

Ayodhya: राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से 7 दिन पहले शुरू होंगे ये धार्मिक अनुष्ठान, जानें पूरा कार्यक्रम

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 26, 2023, 12:40 PM IST

Pran Pratishtha Of Ram Lala: रिपोर्टों के मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा तक राम मंदिर में सात दिन तक धार्मिक अनुष्ठान एवं कार्यक्रम चलेंगे। धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा कार्यक्रम 16 जनवरी से प्रारंभ हो जाएगा जो कि गर्भ गृह में भगवान राम के बालस्वरूप वाली मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न होगा।

Image

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए अयोध्या में तैयारियां जोरो पर हैं।

Pran Pratishtha Of Ram Lala: अयोध्या में भगवान राम के बाल स्वरूप की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम जोर-शोर से चल रहा है। 22 जनवरी को भव्य एवं दिव्य राम मंदिर के गर्भ गृह में विधिवत धार्मिक पूजन एवं अनुष्ठान कार्यक्रम के बाद राम लला विराजेंगे। रिपोर्टों की मानें तो अयोध्या में भगवान राम के बाल स्वरूप की तीन मूर्तियां तैयार की गई हैं। गर्ग गृह में रामलला की कौन सी मूर्ति विराजेगी इस बारे में निर्णय 29 दिसंबर को होगा। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शरीक होंगे।

अयोध्या में तराशी जा रहीं 3 मूर्तियां

बताया जा रहा है कि राम लला की जो तीन मूर्तियां बनी हैं, उसमें एक सफेद रंग के संगमरमर और दो मूर्तियां कर्नाटक के काले पत्थर से निर्मित की गई हैं। तीनों मूर्तियों को तराश कर तैयार कर लिया गया है। प्राण प्रतिष्ठा की पूजा एवं अनुष्ठान काशी के विद्वान पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित के मार्गदर्शन में 21 वैदिक विद्वान कराएंगे। अयोध्या में 25 हजार यज्ञ कुंड बनने शुरू हो गए हैं।

7 दिन चलेंगे धार्मिक अनुष्ठान

रिपोर्टों के मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा तक राम मंदिर में सात दिन तक धार्मिक अनुष्ठान एवं कार्यक्रम चलेंगे। धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा कार्यक्रम 16 जनवरी से प्रारंभ हो जाएगा जो कि गर्भ गृह में भगवान राम के बालस्वरूप वाली मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न होगा।

16 जनवरी-यजमान द्वारा प्रायश्चित, सरयू के तट पर दशविध स्नान, गणेश पूजन, विष्णु पूजन और गोदान।

17 जनवरी-श्रीरामलला की मूर्ति के साथ यजमान और आचार्य भव्य पंचकोसी क्षेत्र में शोभायात्रा पर निकलेंगे। सरयू से जल आएगा।

18 जनवरी-इस दिन गणेश अंबिका, वरुण, मातृका पूजन, ब्राह्मण वरण, वास्तु पूजन होगा। गर्भगृह में श्रीराम की वेदी के साथ वास्तु वेदी, योगिनी वेदी, क्षेत्रपाल भैरव वेदी बनेगी।

19 जनवरी-अग्निस्थापना द्वारा अग्नि प्राकट्य, नवग्रह स्थापना और हवन।

20 जनवरी-गर्भगृह को सरयू जल से भरे 81 कलशों से धोने के बाद वास्तु शांति और अन्नाधिवास कर्मकांड होंगे। रामलला के विग्रह को पहले जल, फिर अन्न, पुष्प, फल में अधिवास कराया जाएगा।

21 जनवरी-125 कलशों से राम लला की मूर्ति का दिव्य स्नान।

22 जनवरी-मृगशिरा नक्षत्र में 11.30 से 12.30 बजे के बीच गर्भगृह में एक मूर्ति विद्यमान होगी। यहीं छोटे राम लला के साथ चारों भाई एवं बाल हनुमान विराजेंगे।

कार्यक्रम में शामिल होंगे करीब 8000 अतिथि

राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सरकार के मंत्री, विपक्षी नेता सहित अलग-अलग क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में साधु, संत, महात्मा और धार्मिक संस्थाओं के प्रमुख भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में करीब 8000 अतिथियों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए राम नगरी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। लोगों को ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण जोरों पर है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article