क्रिकेट

अजीत अगरकर के बाद प्रज्ञान ओझा बन सकते हैं अंतरिम चीफ सेलेक्टर

अजीत अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म होने वाला है। ऐसी चर्चा थी कि पार्थिव पटेल को अगला चीफ सेलेक्टर चुना जाएगा। लेकिन इस बीच मंगलवार को प्रज्ञान ओझा की सरप्राइज एंट्री हो गई है। उन्हें अंतरिम चीफ सेलेक्टर बनने को कहा गया है।

Image

अजीत अगरकर (साभार-X)

अजीत अगरकर के कार्यकाल की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बतौर चीफ सेलेक्टर 4 अक्टूबर उनका आखिरी दिन होगा। अब सवाल उठता है कि अगरकर को रिप्लेस कौन करेंगे? विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल चीफ सेलेक्टर बनने की रेस में सबसे आगे हैं, लेकिन इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच मंगलवार को गुवाहाटी में सेलेक्टर की एक बैठक हुई है। इस बैठक में अजीत अगरकर की उपस्थिति नहीं थी। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई ने नए अध्यक्ष या उनकी जगह किसी और की नियुक्ति होने तक एक अंतरिम व्यवस्था भी बना ली है। यह अंतरिम व्यवस्था भविष्य में स्थायी भी हो सकती है। फिलहाल स्थिति अनिश्चित है।

क्रिकबज़ को मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है, हालांकि यह कार्यभार अस्थायी है। टेस्ट मैचों के सबसे अधिक अनुभव के साथ, ओझा मौजूदा चार चयनकर्ताओं में सबसे वरिष्ठ हैं और इस लिहाज से वे इस पद के लिए स्वाभाविक पसंद हैं। ओझा ने 24 टेस्ट खेले हैं। अनुभव के मामले में एसएस दास (23 टेस्ट), आरपी सिंह (14) और अजय रत्रा (6) क्रमशः दूसरे, तीसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

पार्थिव के नाम के बीच ओझा की एंट्री

इससे पहले पार्थिव पटेल के नाम की चर्चा जोरों पर थी। प्रज्ञान ओझा को जिम्मेदारी देना का कदम दीर्घकालिक है या केवल अस्थायी, यह तो नए चयनकर्ता की नियुक्ति के बाद ही पता चलेगा। अगर पार्थिव पटेल अध्यक्ष नहीं बनते हैं, जैसा कि चर्चा हो रही थी तो ऐसी स्थिति में ओझा अपना पद बरकरार रख सकते हैं। एक सूत्र ने बताया, "बीसीसीआई में कुछ भी हो सकता है। लेकिन ओझा सभी के लिए एक उपयुक्त माने जा रहे हैं।

इस बैठक में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के अलावा कोच गौतम गंभीर भी शामिल थे। ऐसा माना जा रहा है कि आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए ज्यादातर खिलाड़ी चुन लिए गए हैं। इस दौरे पर दो मैच की टेस्ट सीरीज भी खेली जानी है। टेस्ट टीम में वे खिलाड़ी शामिल होंगे जो पिछले साल इंग्लैंड में हुई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का हिस्सा थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article