देश

Ayodhya: राम मंदिर की सजावट के लिए इस शहर आएंगे फूल, जानें प्राण-प्रतिष्ठा की रस्म का मुहूर्त

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 1, 2024, 04:55 PM IST

Ayodhya Ram Mandir Updates: अयोध्या में राम मंदिर परिसर को भोपाल के फूलों से सजाया जाएगा। वहीं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने बताया है कि राम मंदिर में 22 जनवरी दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर प्राण-प्रतिष्ठा की रस्म होगी। आपको बताते हैं इन फूलों की क्या खासियत है।

Image

भोपाल के फूलों से सजाया जाएगा राम मंदिर परिसर।

Ram Mandir News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की एक नर्सरी के बोगनविलिया फूलों का इस्तेमाल अयोध्या के राम मंदिर परिसर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले सजावट के लिए किया जाएगा। भोपाल स्थित ‘निसर्ग’ नर्सरी के मालिक रामकुमार राठौड़ ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश के अयोध्या में फूलों की आपूर्ति का ठेका मिला है और वे 10 हजार फूलों की दो खेप पहले ही भेज चुके हैं।

भोपाल की नर्सरी को मिला फूलों की आपूर्ति का ठेका

भगवान राम की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ (अभिषेक) का समारोह 22 जनवरी को होगा और अवसर पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। राठौड़ ने कहा, 'हमें अयोध्या के राम जन्मभूमि से पांच से छह प्रकार के फूलों की आपूर्ति करने का ठेका मिला है, जिनमें सफेद, नारंगी, लाल और पीले सहित विभिन्न रंग के बोगनविलिया फूल शामिल हैं।'

हर मौसम में खिलते हैं फूल, जानें इनकी खासियत

इन प्रजातियों के फूल हर मौसम में खिलते हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती और कम पानी में भी इनका रखरखाव किया जा सकता है। राठौड़ परिवार के स्वामित्व वाली नर्सरी ने राम मंदिर परिसर और उसके गलियारे में पौधारोपण के लिए बोली प्रक्रिया के बाद फूलों की आपूर्ति का ठेका हासिल किया है।

दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी प्राण-प्रतिष्ठा की रस्म

अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की रस्म आगामी 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी। राम मंदिर का निर्माण करा रही संस्था श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने सोमवार को बातचीत में कहा, 'प्राण-प्रतिष्ठा दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी।' उन्होंने कहा, 'प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आरती करो, पास-पड़ोस के बाजारों में, मुहल्लों में भगवान का प्रसाद वितरण करो और सायंकाल सूर्यास्त के पश्चात दीपक जलाओ। ऐसा ही निवेदन आग्रह प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) जी ने अयोध्या से सारे संसार का आह्वान करते हुए किया है।'

अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में 'रामलला' की प्राण प्रतिष्ठा आगामी 22 जनवरी को की जाएगी। इसे लेकर जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की अनेक जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर, 2019 को राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद मामले में फैसला सुनाते हुए विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण कराने के आदेश दिये थे। इसके निर्माण के लिये श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन किया गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article