Spacex Starship Launch: एलन मस्क की निजी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स को दुनिया के सबसे शक्तिशाली रॉकेट 'स्टारशिप' के परीक्षण के दौरान एक बड़ा झटका लगा है। कंपनी शुक्रवार को उड़ान के बाद रॉकेट के दोनों हिस्सों को सुरक्षित वापस लाकर प्रक्षेपण स्थल पर हवा में ही पकड़ने के अपने ऐतिहासिक और बेहद महत्वाकांक्षी प्रयास में असफल रही। हालांकि रॉकेट का अंतरिक्ष यान वाला हिस्सा पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंच गया और उसने 26 स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी कक्षा में स्थापित कर दिया।
बूस्टर नहीं आया वापस
उड़ान भरने के बाद रॉकेट के पहले चरण के बूस्टर को टेक्सास स्थित प्रक्षेपण स्थल पर वापस लाने के बजाय समुद्र में एक निर्धारित स्थान की ओर मोड़ दिया गया। इस झटके के बावजूद अंतरिक्ष यान अपनी यात्रा पर आगे बढ़ता रहा। किसी अन्य बाधा के सामने न आने पर यह शनिवार को वापस प्रक्षेपण स्थल की ओर आएगा। इसकी पूरी उड़ान 22 घंटे तक चल सकती है।
यह पहला मौका है जब स्टारशिप पृथ्वी की कक्षा से सीधे प्रक्षेपण स्थल पर लौटने की कोशिश करेगा। वहां प्रक्षेपण टावर पर लगे विशाल यांत्रिक हाथ इसे हवा में ही पकड़ेंगे। बूस्टर के नष्ट होने से एलन मस्क की कंपनी एक ही उड़ान में रॉकेट के दोनों हिस्सों को पकड़ने की उपलब्धि हासिल करने से चूक गई।
इस परीक्षण का मूल उद्देश्य रॉकेट के हर हिस्से को वापस हासिल करना था, ताकि भविष्य में उनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। दुनिया में अब तक कहीं भी इस तरह की पूरी तरह पुन: इस्तेमाल योग्य रॉकेट प्रणाली विकसित करने में सफलता नहीं मिली है। मस्क का मानना है कि इससे रॉकेट को तेजी और नियमितता के साथ बार-बार प्रक्षेपित करना संभव होगा। यह चंद्रमा पर आधार बनाने और लोगों को मंगल ग्रह पर भेजने जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए जरूरी है।
स्टारशिप आएगा वापस
पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने के कुछ ही देर बाद स्टारशिप ने स्पेसएक्स के 26 सबसे उन्नत स्टारलिंक उपग्रहों को उनकी निर्धारित कक्षा में छोड़ दिया। योजना के मुताबिक, स्टारशिप करीब 275 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी के 15 चक्कर लगाएगा। इसके बाद शनिवार को उड़ान के अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण के लिए प्रक्षेपण स्थल की ओर लौटेगा।
टेस्ट रहा था सफल
स्पेसएक्स इससे पहले अमेरिका और मेक्सिको की सीमा के पास स्थित अपने विशाल स्टारबेस प्रक्षेपण केंद्र में तीन बार बूस्टर को सफलतापूर्वक पकड़ चुका है। ऐसे में शुक्रवार को हुई यह चूक और भी अप्रत्याशित थी। स्पेसएक्स की प्रक्षेपण संबंधी टिप्पणीकार केट टाइस ने कहा, ’’निश्चित रूप से यह वह खबर नहीं है, जिसे हम आज सुनना चाहते थे।’’ उन्होंने कहा कि प्रक्षेपण स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जाने वाले कड़े परीक्षणों और जांच प्रक्रियाओं के अनुरूप ही यह कदम उठाया गया। हालांकि, इस गड़बड़ी की वजह नहीं बताई गई।
अब अंतिरक्ष यान को वापस लाने की तैयारी
यह 236 फुट लंबे उन्नत बूस्टर का पहला परीक्षण था। कंपनी पहली बार 171 फुट लंबे अंतरिक्ष यान को भी पकड़ने की कोशिश करेगी। बूस्टर और अंतरिक्ष यान को मिलाकर बना यह रॉकेट 407 फुट ऊंचा है और दुनिया का सबसे बड़ा एवं सबसे शक्तिशाली रॉकेट है।
इससे पहले स्टारशिप के 14 परीक्षणों में अंतरिक्ष यान वाला हिस्सा या तो योजना के मुताबिक उड़ान के अंत में समुद्र में गिरा या फिर दुर्घटनावश आग की लपटों और मलबे के साथ नष्ट हो गया।
सितंबर में हुए पिछले परीक्षण में स्टारशिप पहली बार पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचने में सफल रहा था। हालांकि, उस समय स्पेसएक्स ने रॉकेट के किसी भी हिस्से को वापस हासिल करने की कोशिश नहीं की थी।
नासा दे रहा है फंडिंग
नासा चंद्रमा पर आर्टेमिस मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने के लिए स्पेसएक्स को अरबों डॉलर का भुगतान कर रहा है। इस काम में जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन भी एक प्रमुख दावेदार है। नासा को आर्टेमिस-4 मिशन के तहत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्रियों की लैंडिंग से एक साल पहले यह तय करना है कि आधी सदी से भी अधिक समय बाद चंद्रमा की सतह पर उतरने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को वहां पहुंचाने के लिए मस्क के स्टारशिप का इस्तेमाल किया जाए या बेजोस के ब्लू मून यान का।
