US Flight Ground Stop Explained : अमेरिका में शुक्रवार (13 नवंबर 2026) को हवाई यात्रा व्यवस्था अचानक ठप पड़ गई। देशभर के एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंस गए और ज्यादातर विमानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया। इसकी वजह कोई आतंकी हमला, खराब मौसम या युद्ध नहीं, बल्कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की संचार व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी थी। इस गड़बड़ी के कारण अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को पूरे देश में विमानों के टेकऑफ पर रोक लगानी पड़ी। यह रोक चार घंटे से ज्यादा समय तक जारी रही। रात करीब 8:15 बजे (अमेरिकी समय) FAA ने ग्राउंड स्टॉप हटा लिया और विमानों की उड़ानें दोबारा शुरू हो गईं। हालांकि, इसका असर सिर्फ कुछ घंटों तक सीमित नहीं रहा। हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई, कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और एयरलाइंस के सामने विमानों तथा क्रू को दोबारा सही जगह पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई। इससे पहले 11 सितंबर 2001 यानी (9/11) के आतंकी हमलों के बाद यह अमेरिका में सबसे लंबा देशव्यापी फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप बताया जा रहा है। इससे पहले जनवरी 2023 में भी तकनीकी खराबी के कारण उड़ानें रोकी गई थीं, लेकिन उस समय यह रोक करीब 90 मिनट तक रही थी। आइए समझते हैं कि अमेरिका में क्या हुआ, इसकी वजह क्या थी और इसका हवाई यात्रा पर कितना असर पड़ सकता है।
क्या है पूरा मामला और क्यों रोकनी पड़ीं उड़ानें?
अमेरिका में शुक्रवार को भारतीय समय के अनुसार शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे तक उड़ानों पर रोक का आदेश लागू रहा। अमेरिकी समय के मुताबिक यह रोक दोपहर करीब 4 बजे से शुरू हुई और रात 8:15 बजे हटाई गई। यानी चार घंटे से ज्यादा समय तक देश के ज्यादातर एयरपोर्ट से विमानों के टेकऑफ पर रोक जारी रही। इस दौरान एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग अपनी उड़ान का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ यात्रियों को बताया गया कि उनकी फ्लाइट रद्द हो गई है। जिन विमानों ने पहले ही उड़ान भर ली थी, उन्हें सुरक्षित तरीके से रास्ता दिखाने और उनकी निगरानी करने का काम जारी रहा। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में इस्तेमाल होने वाली रडार संचार व्यवस्था दोपहर 3:36 बजे से अस्थिर होने लगी थी। इसके बाद FAA ने यात्रियों और विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेकऑफ रोकने का फैसला किया। अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि तकनीकी अपग्रेड के दौरान पुराने सिस्टम पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ गया था। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस तकनीकी बदलाव के कारण यह समस्या पैदा हुई।
आखिर एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में क्या खराबी आई?
किसी भी विमान को सुरक्षित उड़ाने के लिए पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के बीच लगातार संपर्क जरूरी होता है। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ही पायलट को बताते हैं कि विमान कब उड़ान भर सकता है, किस रास्ते से जाना है और दूसरे विमानों से कितनी दूरी बनाए रखनी है। अमेरिका में इसी व्यवस्था को चलाने के लिए एक बड़ा L3Harris टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क काम करता है। इसके जरिए अलग-अलग एयरपोर्ट, रडार स्टेशन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं। शुक्रवार को इसी नेटवर्क में गड़बड़ी सामने आई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि FAA के पुराने नेटवर्क में कई ऐसे स्विच और राउटर इस्तेमाल हो रहे हैं, जो काफी पुराने हैं। इनमें से कुछ सिस्टम 1980 के दशक की तकनीक पर आधारित हैं। नेटवर्क में तांबे की पुरानी केबलों का भी इस्तेमाल किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि पुराने उपकरणों पर डेटा का दबाव बढ़ने से संचार व्यवस्था अस्थिर हो गई। कुछ अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि निजी संचार नेटवर्क को अपडेट करने के दौरान सिस्टम को दोबारा चालू करना पड़ा था। इसके बाद नेटवर्क में खराबी आ गई। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, FAA के आंतरिक नेटवर्क में टाइमिंग सिस्टम से जुड़ी समस्या थी। इसके कारण जरूरी संदेश सही जगह तक नहीं पहुंच पा रहे थे। हालांकि, अधिकारियों ने इन रिपोर्ट्स की पूरी तरह पुष्टि नहीं की है। अभी जांच जारी है।
पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर आपस में कैसे बात करते हैं?
इसे समझने के लिए किसी विमान की सामान्य उड़ान प्रक्रिया को जानना जरूरी है। जब कोई विमान एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए तैयार होता है, तो सबसे पहले एयरपोर्ट की टावर टीम उसे टेकऑफ की अनुमति देती है। इसके बाद विमान की जिम्मेदारी डिपार्चर कंट्रोलर को सौंप दी जाती है। वह विमान को शुरुआती ऊंचाई तक पहुंचने और सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद करता है। इसके बाद विमान क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर के संपर्क में रहता है। ये सेंटर विमान की यात्रा के दौरान उसकी निगरानी करते हैं और दूसरे विमानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद करते हैं। जब विमान अपने गंतव्य एयरपोर्ट के पास पहुंचता है, तो उसकी जिम्मेदारी अप्रोच कंट्रोलर को दी जाती है। इसके बाद एयरपोर्ट टावर विमान को लैंडिंग की अनुमति देता है। इन सभी चरणों में पायलट और कंट्रोलर के बीच रेडियो के जरिए बातचीत होती है। विमान उड़ान के दौरान कई बार एक कंट्रोलर से दूसरे कंट्रोलर के पास जाता है। हर बार पायलट को बताया जाता है कि आगे किससे संपर्क करना है और किस रेडियो फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल करना है। इस पूरी व्यवस्था में सिर्फ रेडियो ही नहीं, बल्कि जमीन पर मौजूद अलग-अलग स्टेशन और संचार नेटवर्क भी अहम भूमिका निभाते हैं। अगर इन नेटवर्क में खराबी आती है, तो पायलट और कंट्रोलर के बीच बातचीत प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि शुक्रवार को संचार व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आने के बाद FAA ने टेकऑफ रोकने का फैसला किया। इससे हवा में मौजूद विमानों की संख्या को नियंत्रित करना आसान हुआ और कंट्रोलर पहले से उड़ रहे विमानों पर ज्यादा ध्यान दे सके।
क्या यह साइबर अटैक या हैकिंग का मामला था?
तकनीकी खराबी सामने आने के बाद यह सवाल भी उठा कि कहीं अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर साइबर हमला तो नहीं हुआ। हालांकि, गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती जांच में साइबर अटैक का कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच एजेंसियां इस संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं कर रही हैं। अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। मुलिन ने साफ किया कि यह समस्या माइक्रोसॉफ्ट की हालिया तकनीकी गड़बड़ी से भी जुड़ी हुई नहीं थी। अमेरिकी अधिकारियों ने फिलहाल इसे टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क में आई तकनीकी समस्या बताया है। यानी पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर के बीच संपर्क बनाए रखने वाली व्यवस्था में गड़बड़ी हुई थी। हालांकि, इसकी असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कितना पुराना है?
अमेरिका की हवाई यातायात व्यवस्था दुनिया की सबसे व्यस्त व्यवस्थाओं में शामिल है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमान उड़ान भरते हैं। इतने बड़े नेटवर्क को संभालने के लिए आधुनिक रडार, कंप्यूटर, संचार उपकरण और डेटा नेटवर्क की जरुरत होती है। लेकिन अमेरिका की इस व्यवस्था में लंबे समय से पुराने उपकरणों को लेकर चिंता जताई जाती रही है। 2024 में अमेरिकी सरकारी जवाबदेही कार्यालय (GAO) की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि FAA के कुल 138 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में से 51 को अस्थिर और इस्तेमाल के लिहाज से बेहद पुराना माना गया था। इसके अलावा 54 सिस्टम ऐसे थे, जिनके भविष्य में खराब होने या अनुपयोगी बनने की आशंका जताई गई थी।
इस समस्या को दूर करने के लिए जुलाई 2025 में अमेरिकी कांग्रेस ने 12.5 अरब डॉलर की मंजूरी दी थी। इस रकम का इस्तेमाल टेलीकम्युनिकेशन नेटवर्क, रडार और दूसरी जरूरी तकनीकों को आधुनिक बनाने के लिए किया जाना है। सरकार के मुताबिक FAA के पुराने तांबे के केबल नेटवर्क का करीब 68 फीसदी हिस्सा हाई-स्पीड फाइबर नेटवर्क से बदला जा चुका है। फाइबर केबल के जरिए डेटा तेजी और बेहतर तरीके से भेजा जा सकता है। लेकिन सिर्फ केबल बदलने से पूरी समस्या खत्म नहीं होगी। FAA के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने सितंबर में चेतावनी दी थी कि पूरे नेटवर्क को आधुनिक बनाना जरूरी है। इससे पहले सितंबर में फिलाडेल्फिया के एक एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में भी संचार संबंधी परेशानी आई थी। उस समय सिस्टम को बैकअप फाइबर लाइन पर शिफ्ट किया गया था। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान एक टीम ने गलती से उस फाइबर लाइन को भी काट दिया था। इससे समस्या और बढ़ गई थी। यह घटनाएं बताती हैं कि अमेरिका की हवाई यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाने का काम अभी पूरी तरह नहीं हुआ है।
पुराने सिस्टम की एक खराबी ने कैसे मचाया हवाई संकट? (तस्वीर-AI)
क्या FAA के नए AI टूल की वजह से हुआ यह संकट?
इस घटना से तीन दिन पहले FAA ने अपने नए AI आधारित फ्लाइट प्लानिंग टूल SMART का इस्तेमाल देश के सभी 22 एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में शुरू किया था। इसके बाद इस बात की चर्चा होने लगी कि कहीं इस नए टूल की वजह से तो संचार व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। SMART एक ऐसा टूल है, जो उड़ानों की योजना बनाने में अधिकारियों की मदद करता है। यह विमान के शेड्यूल, मौसम की स्थिति और एयरपोर्ट की क्षमता से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण करता है। इसके आधार पर यह संभावित भीड़ और देरी का अनुमान लगाता है। साथ ही विमानों के लिए बेहतर रूट और उड़ान के समय का सुझाव भी देता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी एयरपोर्ट पर एक ही समय में बहुत ज्यादा विमानों के पहुंचने की संभावना है, तो यह टूल अधिकारियों को पहले ही सतर्क कर सकता है। इससे उड़ानों का समय और रास्ता तय करने में मदद मिलती है। हालांकि, यह टूल विमान को सुरक्षित रखने की पूरी जिम्मेदारी नहीं संभालता। विमानों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने का अंतिम फैसला एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ही करते हैं। गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने SMART को इस गड़बड़ी का कारण नहीं बताया। इस टूल को बनाने वाली कंपनी एयर स्पेस इंटेलिजेंस ने भी कहा कि उसका सॉफ्टवेयर इस ग्राउंड स्टॉप की वजह नहीं था। इसलिए फिलहाल AI टूल और संचार व्यवस्था में आई खराबी के बीच कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।
कितनी उड़ानें रद्द हुईं और यात्रियों पर कितना असर पड़ा?
FAA ने भले ही उड़ानों पर लगी रोक हटा दी, लेकिन इसका असर तुरंत खत्म नहीं हुआ। बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के कारण एयरलाइंस के सामने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की चुनौती खड़ी हो गई। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार रात 9:30 बजे तक अमेरिका में 6,600 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी थीं। इसके अलावा शनिवार के लिए भी करीब 1,500 उड़ानें पहले ही रद्द की जा चुकी थीं। ये आंकड़े फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के हवाले से दिए गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ा, जिन्हें शुक्रवार को यात्रा करनी थी या जिनकी आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट थी। कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों की यात्रा अगले दिन के लिए टालनी पड़ी, जबकि कई यात्रियों को अपनी टिकट दोबारा बुक करानी पड़ी।
दरअसल, जब किसी विमान की उड़ान रद्द होती है, तो उसका असर सिर्फ उसी विमान तक सीमित नहीं रहता। उस विमान को आगे किसी दूसरे एयरपोर्ट पर भी पहुंचना होता है, जहां से उसे अगली उड़ान भरनी होती है। इसी तरह पायलट और अन्य क्रू सदस्यों का भी अलग-अलग उड़ानों के लिए शेड्यूल तय होता है। अगर एक उड़ान रद्द होती है, तो विमान और क्रू दोनों अपनी तय जगह पर नहीं पहुंच पाते। इससे अगली उड़ानों में भी देरी या रद्द होने की आशंका बढ़ जाती है।
उड़ानें सामान्य होने में कितने दिन लग सकते हैं?
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठीक होने और उड़ानों पर लगी रोक हटने का मतलब यह नहीं है कि पूरी हवाई यात्रा व्यवस्था तुरंत सामान्य हो जाएगी। इस तरह की बड़ी गड़बड़ी के बाद एयरलाइंस को अपना पूरा ऑपरेशन दोबारा व्यवस्थित करना पड़ता है। डार्टमाउथ कॉलेज के प्रोफेसर विक्रांत वाजे ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि हवाई यात्रा को सामान्य स्थिति में लौटने में कई दिन लग सकते हैं। वह एयरलाइन लॉजिस्टिक्स यानी विमानों, कर्मचारियों और उड़ानों के प्रबंधन पर अध्ययन करते हैं। एयरलाइंस को सबसे पहले उन विमानों को सही एयरपोर्ट तक पहुंचाना होगा, जो उड़ानें रद्द होने के कारण दूसरी जगह फंस गए हैं। इसके बाद पायलट और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी का नया शेड्यूल बनाना होगा। इसके लिए एयरलाइंस अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद ले सकती हैं। जरुरत पड़ने पर खाली विमानों को भी एक एयरपोर्ट से दूसरे एयरपोर्ट भेजा जा सकता है, ताकि वहां से यात्रियों को लेकर उड़ानें शुरू की जा सकें। यात्रियों की दोबारा बुकिंग करना भी एक बड़ी चुनौती होगी। जिन लोगों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उन्हें दूसरी उड़ानों में जगह देनी होगी। लेकिन जब पहले से ही बड़ी संख्या में यात्री इंतजार कर रहे हों, तो सभी को जल्द टिकट उपलब्ध कराना आसान नहीं होता।
अमेरिका की हवाई यात्रा व्यवस्था के लिए क्या है बड़ा सबक?
इस घटना ने अमेरिका की हवाई यातायात व्यवस्था में मौजूद पुरानी तकनीकी कमियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। आधुनिक विमान और नई तकनीक के बावजूद अगर उन्हें नियंत्रित करने वाला संचार नेटवर्क पुराना है, तो पूरी व्यवस्था पर संकट आ सकता है। यह घटना यह भी बताती है कि हवाई सुरक्षा के लिए सिर्फ विमान और पायलट का आधुनिक होना काफी नहीं है। एयरपोर्ट टावर, रडार, संचार नेटवर्क, बैकअप सिस्टम और कंट्रोल सेंटर का भी मजबूत होना जरूरी है। अमेरिकी अधिकारियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पुराने नेटवर्क को जल्द से जल्द आधुनिक बनाया जाए। साथ ही ऐसी बैकअप व्यवस्था तैयार की जाए, जिससे भविष्य में किसी एक सिस्टम के खराब होने पर पूरे देश की उड़ानों को रोकने की नौबत न आए। फिलहाल FAA ने उड़ानों पर लगी रोक हटा दी है और विमानों का संचालन फिर शुरू हो गया है। लेकिन इस घटना की असली वजह का पता लगाने और भविष्य में ऐसी परेशानी रोकने के लिए जांच और तकनीकी सुधार जरूरी होंगे। हजारों यात्रियों को हुई परेशानी ने साफ कर दिया है कि हवाई यात्रा की रफ्तार बनाए रखने के लिए जमीन पर मौजूद तकनीकी व्यवस्था का मजबूत होना भी उतना ही जरूरी है।
