देश

राज्यसभा चुनाव 2026: झारखंड में NDA के पास नहीं संख्या बल, फिर भी क्यों है अपने उम्मदीवार की जीत का भरोसा

Jharkhand Rajya Sabha Election 2026: सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने कहा कि 24 विधायकों वाली भाजपा के नेतृत्व वाला राजग नथवानी को चुनाव में नहीं जिता सकता, जब तक कि क्रॉस-वोटिंग न हो। झारखंड विधानसभा में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस ('इंडिया’) के 56 सदस्य हैं।

Image

झारखंड में रोचक मुकाबला।

Photo : PTI

Jharkhand Rajya Sabha Election 2026: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सोमवार को दावा किया कि 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में झारखंड के सभी 81 विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट देंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार की जीत का भरोसा भी जताया, हालांकि राज्य विधानसभा में विपक्षी गठबंधन के पास जरूरी संख्या बल नहीं है। कांग्रेस (Congress) के झारखंड मामलों के प्रभारी के. राजू ने बताया कि चुनाव की रणनीति तय करने के लिए 16 और 17 जून को सत्तारूढ़ 'INDIA’ गठबंधन के विधायकों की बैठक होगी।

NDA ने निर्दलीय उम्मीदवार को दिया है समर्थन

राज्य की दो राज्यसभा सीटों के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार बैद्यनाथ राम, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी चुनाव लड़ रहे हैं। जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरियता के वोट हासिल करने होंगे। सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने कहा कि 24 विधायकों वाली भाजपा के नेतृत्व वाला राजग नथवानी को चुनाव में नहीं जिता सकता, जब तक कि क्रॉस-वोटिंग न हो। झारखंड विधानसभा में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस ('इंडिया’) के 56 सदस्य हैं।

अलग-अलग रणनीतियों पर चर्चा की

भाजपा ने दावा किया कि राजग के सदस्य एकजुट हैं और उन्हें अपने समर्थित उम्मीदवार की जीत का भरोसा है। पार्टी के एक बयान के मुताबिक, भाजपा की झारखंड इकाई के प्रमुख आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई राजग विधायकों की बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए अलग-अलग रणनीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में नथवानी के साथ ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी प्रमुख सुदेश महतो और राज्य से लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-राम विलास) के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।

बाउरी ने पूछा-कांग्रेस क्यों डरी है?

जायसवाल ने कहा कि नथवानी एक निर्दलीय उम्मीदवार हैं और राज्य विधानसभा के सभी 81 विधायक इस चुनाव में मतदाता हैं। जायसवाल ने कहा, 'वह (नथवानी) सभी पार्टियों से संपर्क कर रहे हैं और सभी को उनके ट्रैक रिकॉर्ड पर भरोसा है। वह पहले भी दो बार राज्य के लिए सांसद के तौर पर काम कर चुके हैं। 18 जून को सभी विधायक अपनी समझ और अंतरात्मा की आवाज के अनुसार वोट करेंगे और परिमल नथवानी तीसरी बार जीत हासिल करेंगे।' भाजपा के राज्य महासचिव अमर कुमार बाउरी ने सवाल किया कि अगर कांग्रेस के पास जरूरी संख्या है, तो वह क्यों डरी हुई है। कांग्रेस ने नथवानी के नामांकन पत्र में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, निर्वाचन अधिकारी ने इस मांग को खारिज कर दिया।

BJP flag

BJP flag

CM हेमंत सोरेन से मुलाकात की

चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए, राजू और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। राजू ने संवाददाताओं से कहा, 'मुख्यमंत्री के साथ हमारी बैठक सार्थक रही। सत्तारूढ़ दलों के विधायकों की बैठक 16 और 17 जून को बुलाई गई है, जिसमें राज्यसभा चुनाव से जुड़ी हर रणनीति पर चर्चा की जाएगी।' उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान एक ’मॉक पोल’ (अभ्यास मतदान) कराने का भी फैसला किया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया को लेकर विधायकों के बीच कोई भ्रम न रहे।

किसके पास कितने विधायक

दोनों राज्यसभा सीट पर 'इंडिया’ गठबंधन की जीत का भरोसा जताते हुए राजू ने कहा, 'राष्ट्रीय जनता दल और भाकपा (माले) लिबरेशन ने चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को अपना समर्थन देने की पुष्टि कर दी है।' झारखंड विधानसभा में ’इंडिया’ गठबंधन के कुल 56 विधायक हैं, जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कुल 24 विधायक हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 21 तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के एक-एक विधायक शामिल हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक है।

राज्य की एक राज्यसभा सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी। दूसरी सीट भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण खाली होगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!