CEC Gyanesh Kumar Resignation: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के प्रावधानों के खिलाफ राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने इस पुलिसिया कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि गांधी जयंती के पावन अवसर पर हजारों युवा अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए शांतिपूर्वक सड़कों पर उतरे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग बिल्कुल साफ और स्पष्ट है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें ताकि लोकतंत्र की रक्षा की जा सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'एक जीरा, दो अजवाइन...', CJP के 'जेल भरो आंदोलन' में गूंजे मजेदार और तंज भरे नारे, शिवाजी पार्क में दिखा अनोखा अंदाज
लड़के-लड़कियों को सड़कों पर घसीटा-राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे युवाओं के साथ मोदी-शाह सरकार का रवैया बेहद दमनकारी रहा है। लड़के-लड़कियों को सड़कों पर घसीटा गया और सैकड़ों लोगों को हिरासत में ले लिया गया। राहुल ने कहा कि इन युवाओं का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने चुनाव प्रणाली और वोट चोरी की आशंकाओं पर सवाल उठाने की हिम्मत दिखाई।
'सरकार जनता के मन में उठ रहे तीखे सवालों को नहीं दबा सकती'
महात्मा गांधी के सिद्धांतों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बापू ने हमेशा सच बोलने और शांति से अपने हक के लिए लड़ने की सीख दी थी। यही अहिंसक रास्ता वर्तमान सरकार को सबसे ज्यादा डराता है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में लिखा कि सरकार लाठियों के जोर से भीड़ को तो रोक सकती है, लेकिन जनता के मन में उठ रहे तीखे सवालों को दबा नहीं सकती। राहुल गांधी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को भी जाना पड़ेगा और उन्हें इस पद पर बैठाने वाली पूरी व्यवस्था भी बदलेगी।
