CJP Jail Bharo Andolan: मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार, 2 अक्टूबर की शाम कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले आयोजित 'जेल भरो आंदोलन' में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। हालांकि यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था, लेकिन वहां मौजूद युवाओं के रचनात्मक नारों, मीम्स और अनोखे पोस्टरों ने पूरी मीडिया और जनता का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
दरअसल, हालिया मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि चुनाव आयोग के भीतर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े कई फैसलों पर अन्य चुनाव आयुक्तों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इसी बात से नाराज छात्र संगठनों और युवाओं ने मुंबई पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने के बावजूद शिवाजी पार्क में जुटना शुरू कर दिया।

(Photo: PTI)
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: गांधी जयंती पर देश का नमन: PM मोदी और उपराष्ट्रपति ने की सर्वधर्म प्रार्थना, राजघाट से विजय घाट तक गूंजे देशभक्ति के तराने
सोशल मीडिया पर इन नारों ने बटोरीं खूब सुर्खियां
प्रदर्शन के दौरान स्टुडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अन्य युवा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मजेदार और चुटीले नारे लगाए। "एक जीरा, दो अजवाइन– ज्ञानेश करो रिजाइन", "ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन" और "ज्ञानू, तुझा डेमोक्रेसी वर भरोसा नाय काय?" जैसे नारों ने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं। पुणे से आए ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के कार्यकर्ताओं ने वाद्य यंत्र बजाते हुए "चले जाओ" और "वापस दो" के संगीतमय नारे भी लगाए।
आसपास के इलाकों में जीआरपी और आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शन स्थल पर अहिंसा, सादगी और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के प्रेरणादायी विचारों के पोस्टर भी लगाए गए थे। प्रदर्शन को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दादर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में जीआरपी और आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात रहे, ताकि आम यात्रियों को कोई परेशानी न हो।
