Rahul Gandhi Security Protocols: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा चूक को लेकर CRPF के डीजी सिक्योरिटी ने पत्र लिखा है। सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि CRPF के वीवीआईपी सिक्योरिटी के प्रमुख सुनील जून ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दोनों को पत्र लिखा है। 10 सितंबर को पत्र लिखकर CRPF अधिकारी ने राहुल गांधी पर सिक्योरिटी प्रोटोकॉल नहीं मानने का आरोप लगाया है।
राहुल गांधी के रवैए की शिकायत
पत्र में CRPF वीवीआईपी सुरक्षा प्रमुख ने राहुल गांधी के रवैए की शिकायत की है। सुनील जून ने आरोप लगाया है राहुल गांधी अपनी सिक्योरिटी को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहे। राहुल गांधी Z+ ASL सुरक्षा कैटिगरी के प्रोटेक्शन में आते हैं लेकिन उसके कायदे कानून का उल्लंघन करते हैं। CRPF सिक्योरिटी के येलो बुक (yellow book) प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर बिना बताए विदेश यात्रा पर जाने की शिकायत भी की गई है।
कब-कब विदेश गए राहुल
* पहला 30 दिसंबर 2024 से 9 जनवरी तक इटली का दौरा। 10/11 दिन नए साल पर विदेश का दौरा
* दूसरा 12 मार्च 17 मार्च तक वियतनाम का दौरा
* तीसरा 17 से 23 अप्रैल तक दुबई दौरा
* चौथा 11 से 18 जून कतर के दोहा दौरा
* पांचवां 25 जून से 6 जुलाई तक लंदन दौरा
* छठवां 4 से 8 सितंबर तक मलेशिया दौरा
पहले भी राहुल पर लग चुके हैं आरोप
CRPF ने मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को शिकायत पत्र लिखकर आगे सुरक्षा प्रोटोकॉल का ख्याल रखने की अपील की है। बता दें कि इससे पहले भी राहुल गांधा पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के आरोप लग चुके हैं। कई बार तो ऐसा भी हुआ कि वह रैली के दौरान भीड़ के बीच चले गए जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गईं।
