देश

मनी लॉन्ड्रिंग मामले पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा 7 दिन की ED हिरासत में, AAP बोली- राजनीतिक बदले की कार्रवाई

Sanjeev Arora 7 day ED Custody: पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है। गुरुग्राम की विशेष अदालत ने उन्हें सात दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।

Image

गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के बाद पंजाब मंत्री को मिली 7 दिन की ED कस्टडी

Photo : ANI

Sanjeev Arora 7 day ED Custody: हरियाणा के गुरुग्राम की एक अदालत ने पंजाब (Punjab Minister) के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सात दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें शनिवार शाम चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई कथित जीएसटी फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में की गई है। ईडी के अनुसार, यह मामला मोबाइल फोन की खरीद और निर्यात में कथित फर्जी लेन-देन से जुड़ा है।

गिरफ्तारी के बाद संजीव अरोड़ा को चंडीगढ़ से गुरुग्राम लेकर पहुंची ईडी

जांच एजेंसी का आरोप है कि दिल्ली की कुछ गैर-मौजूद कंपनियों के जरिए फर्जी जीएसटी बिल तैयार किए गए। इन बिलों की मदद से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत फायदा लिया गया और बाद में दुबई से पैसे भारत वापस लाने की कोशिश की गई। जांच के दौरान ईडी ने गुरुग्राम स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी पर भी छापेमारी की, जिसका संबंध संजीव अरोड़ा से बताया जा रहा है। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि उसे न्याय प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और वह सभी सरकारी एजेंसियों के साथ सहयोग कर रही है। गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम संजीव अरोड़ा को सड़क मार्ग से चंडीगढ़ से गुरुग्राम लेकर पहुंची।

विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल-संजीव अरोड़ा के वकील

इसके बाद उन्हें विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। ईडी ने अदालत से 10 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने सात दिन की हिरासत मंजूर की। वहीं, संजीव अरोड़ा के वकील ने इस मामले को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि ईडी ने 5 मई को केस दर्ज किया और 9 मई को गिरफ्तारी कर ली। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने भी ईडी की कार्रवाई की आलोचना की है। दोनों नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को डराने के लिए कर रही है। दूसरी ओर, भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी को पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है, इसलिए वह इस कार्रवाई को राजनीतिक रंग दे रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article