Punjab: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया और भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के 'ऑपरेशन लोटस' का समर्थन करने के लिए विपक्षी कांग्रेस की खिंचाई की। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश करने के बाद कहा कि पंजाब (Punjab) के तीन करोड़ लोगों को हम पर भरोसा है। साथ ही कहा कि मुझे अपने 91 सैनिकों (आप विधायकों) पर पूरा भरोसा है। जब मुख्यमंत्री ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया, उससे पहले ही बीजेपी के दो विधायक अश्विनी शर्मा और जंगी लाल महाजन सदन से वॉकआउट कर गए।
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने विधानसभा में पेश किया विश्वास प्रस्ताव
पंजाब के सीएम ने आरोप लगाया कि "ऑपरेशन लोटस" का समर्थन कर रही कांग्रेस (Congress) के विधायक चर्चा से भाग गए। उन्होंने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी ऐसी स्थिति में है कि कोई भी इसके अध्यक्ष के रूप में काम नहीं करना चाहता है। भगवंत मान ने बीजेपी पर भी निशाना साधा और कहा कि उसे लगता है कि हर जगह केवल उन्हें ही सत्ता में होना चाहिए।
आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बहुमत में है- अमन अरोड़ा
पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा ने विश्वास प्रस्ताव पेश करने से पहले पत्रकारों से कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार बहुमत में है और 117 सदस्यीय विधानसभा में उसके 92 विधायक हैं, लेकिन बीजेपी और केंद्र में उसके नेतृत्व वाली सरकार राज्य में सरकार को गिराने का प्रयास कर रही है। अरोड़ा ने कहा कि इसलिए ये हमारा कर्तव्य है कि पंजाब के तीन करोड़ लोगों ने जो जनादेश दिया है उसे बताया जाए कि कोई खतरा नहीं है।
बीजेपी पर पंजाब में आप सरकार को गिराने का आरोप लगाए जाने के बाद आप ने विशेष प्रस्ताव लाने के लिए 22 सितंबर को विशेष सत्र के आयोजन की मांग की थी। आप ने हाल में दावा किया था कि उसके कम से कम 10 विधायकों से संपर्क किया गया और बीजेपी ने अपने ''ऑपरेशन लोटस'' के तहत छह महीने पहले बनी राज्य सरकार को गिराने के लिए उन्हें 25-25 करोड़ रुपए देने की पेशकश की थी।
