India US Trade Deal : भारत के साथ व्यापार वार्ता पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी। तिवारी ने ट्रंप के बयानों पर सरकार को आगाह किया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि ट्रंप ने कारोबारी बाधाओं को दूर करने के लिए 'बातचीत जारी' रखने की बात कही है लेकिन वह अपनी कही हुई बात से कल पलट भी सकते हैं। व्यापार वार्ता भारतीय हितों को ध्यान में रखते हुए होनी चाहिए।
भारत के हितों के अनुरूप हो ट्रेड डील-तिवारी
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में तिवारी ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता भारत के हितों एवं शर्तों के अनुकूल होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'जब तक ट्रेड डील हो ना जाए तब तक यह हुआ नहीं है, समझा जाना चाहिए। आज वह कुछ कह रहे हैं लेकिन कल आपको उनके ट्रुथ सोशल पर कुछ और देखने को मिल सकता है। भारत के हितों के अनुरूप जब तक ट्रेड डील नहीं हो जाती तब तक इसे नहीं हुआ ही समझिए क्योंकि खाने वाली चीज कैसी है या उसकी गुणवत्ता कैसी है, उसका पाते खाने के बाद ही चलता है।'
ट्रंप के पोस्ट पर पीएम मोदी ने दिया जवाब
अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर हालिया पोस्ट में ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता जारी रहने पर अपना उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश कारोबारी बाधाओं को दूर करने के लिए आपस में बातचीत कर रहे हैं। इस पोस्ट का जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया। ट्रंप के ट्रूथ सोशल पोस्ट को टैग करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारे व्यापारिक वार्तालाप भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को उजागर करने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत करने की भी प्रतीक्षा कर रहा हूं। हम दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्ज्वल और अधिक समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।'
पीएम मोदी को बताया अपना 'बहुच अच्छा' दोस्त
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि 'मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका अपने दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी रख रहे हैं। मैं आने वाले हफ्तों में अपने बहुत अच्छे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी से बात करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे दोनों महान देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष पर पहुंचने में कोई कठिनाई नहीं होगी!'
