PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र अपने दो दिवसीय यात्रा पर आज सेशेल्स के लिए रवाना हो गए। यहां पीएम मोदी 27 से 29 जून तक रहेंगे और कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की जाएगी।
स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल
मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों का एक दल और भारतीय नौसेना के दो पोत भी हिस्सा लेंगे। मंत्रालय ने कहा, ’’सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर जाएंगे और सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशेष अतिथि के रूप में भाग लेंगे।’’
पीएम मोदी ने इस दौरे से पहले एक पोस्ट में कहा- "सेशेल्स के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं उनके राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लूंगा। इस वर्ष यह अवसर और भी खास है, क्योंकि वे अपनी स्वर्ण जयंती मना रहे हैं। सेशेल्स हमारा एक बहुमूल्य समुद्री पड़ोसी है और हमारे 'महासागर विजन' के साथ-साथ ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने में एक प्रमुख भागीदार है। मैं सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति और अपने मित्र डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ चर्चा को लेकर उत्सुक हूं। इस यात्रा के दौरान सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं।"
राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ वार्ता
विदेश मंत्रालय ने कहा, ’’यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत एवं स्थायी मित्रता की फिर से पुष्टि करेगी तथा सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की जाएगी तथा पारस्परिक हित से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।’’
भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की संसद को भी संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में एक प्रमुख समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स का भारत के ’महासागर’ (क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) दृष्टिकोण तथा ’ग्लोबल साउथ’ के प्रति उसकी प्रतिबद्धता में विशेष स्थान है।
