Donald Trump: तेलंगाना के हैदराबाद में एक सड़क का नामकरण अपने नाम पर किए जाने से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुश हैं। उन्होंने इसके लिए धन्यवाद दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह से सम्मानित होने वाला वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं। बीते शुक्रवार को 'ट्रुथ सोशल' पर ट्रंप का ये बयान तब आया, जब तेलंगाना सरकार ने दक्षिण भारतीय शहर में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से सटी एक सड़क का नाम 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखा। यह पहली बार है जब भारत में किसी सड़क का नाम किसी अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर रखा गया है।
ट्रंप ने शेयर की तस्वीर
ट्रंप ने कहा, 'भारत के हैदराबाद में नया डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू - किसी अमेरिकी राष्ट्रपति को इस तरह सम्मानित किए जाने का यह पहला मौका है। धन्यवाद।' उन्होंने तेलंगाना के उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का और भारत में अमेरिकी दूत सर्जियो गोर की एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वे इस हफ्ते की शुरुआत में उनके नाम वाली सड़क के पट्टिका का अनावरण कर रहे थे।
इस कदम को अमेरिका के प्रति सम्मान बताया
'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन जैसी बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियों के दफ्तरों के भी पास है। तेलंगाना सरकार ने इस कदम को अमेरिका के प्रति सम्मान और अमेरिका-भारत संबंधों में हैदराबाद की बढ़ती भूमिका को मान्यता देने वाला बताया। सरकार के अनुसार, यह कदम हैदराबाद को वैश्विक निवेश, प्रौद्योगिकी और भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में भी एक प्रतीकात्मक पहल है।
भाजपा ने राहुल पर साधा निशाना
US कॉन्सुलेट जनरल हैदराबाद ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'हैदराबाद में एक ऐतिहासिक पल! अमेरिका के 250वें जन्मदिन के सम्मान में, तेलंगाना के डिप्टी चीफ मिनिस्टर भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने U.S. कॉन्सुलेट के बगल वाली सड़क का नाम ऑफिशियली बदलकर डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू करने वाली पट्टिका का अनावरण किया।' इस कदम की BJP ने आलोचना की है। BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए X पर कहा कि 'वाह! बस वाह!! राहुल गांधी कहते हैं कि प्रेसिडेंट ट्रंप भारतीय हितों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।'
