Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) जैसी सच्ची मराठी पार्टी का अध्यक्ष 'पटेल नहीं, बल्कि पाटिल' होना चाहिए। ठाकरे की यह टिप्पणी राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल पर कटाक्ष माना जा रहा है।
क्या कुछ बोले राज ठाकरे?
मनसे अध्यक्ष ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति पूरी तरह से विचित्र हो गई है। ठाकरे ने कहा, ''सच कहूं तो, इस पर टिप्पणी करने का मन ही नहीं करता, लेकिन फिर भी, आज मुझे दिन भर घटित होने वाली घटनाओं पर बोलना ही पड़ेगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी जैसी पार्टी, जिसकी जड़ें वास्तव में मराठी संस्कृति में हैं। उसका अध्यक्ष एक शुद्ध मराठी होना चाहिए। वह पाटिल हो सकता है, लेकिन पटेल नहीं।''
सुनेत्रा पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिवंगत अध्यक्ष अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार (62) ने शनिवार को मुंबई में एक समारोह में महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। अजित पवार की बुधवार को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
PM मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर सुनेत्रा पवार को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं, वह इस जिम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए अथक प्रयास करेंगी और दिवंगत अजितदादा पवार के 'विजन' को पूरा करेंगी।''
महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है, जिसे लेकर कुछ वर्ग आलोचना भी कर रहे हैं। अजित पवार न केवल राज्य के उपमुख्यमंत्री थे, बल्कि राकांपा के अध्यक्ष भी थे। उनके अचानक निधन के बाद, अभी यह तय होना बाकी है कि पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा।
