देश

INDIA Bloc: राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली में पोस्टर! ममता, शरद से लेकर विजयन तक के चुन-चुन के बयान लिखे दिखे

INDIA Bloc Meeting: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ दिल्ली में कई जगहों पर पोस्टर लगे दिखे हैं। ये पोस्टर किसने लगाया है, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

Image

राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली में लगे पोस्टर

INDIA Bloc Meeting: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ दिल्ली की सड़कों पर कई पोस्टर लगे दिख रहे हैं। ये पोस्टर आज होने वाली इंडिया गठबंधन की मीटिंग से पहले लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में राहुल गांधी के खिलाफ वो बयान हैं, जो इंडिया गठबंधन के सहयोगी पार्टी के नेताओं ने दिया है।

किन-किन नेताओं के बयान?

इन पोस्टरों में एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, वाम नेता पिनाराई विजयन, डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कई अन्य विपक्षी नेताओं के राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को लेकर दिए गए बयानों को उजागर किया गया है।

आज दिल्ली में मीटिंग

विपक्षी ’इंडिया’ गठबंधन के घटक दल भाजपा से मुकाबला करने और एकजुट होकर आगे बढ़ने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए सोमवार को बैठक करेंगे। दिल्ली के ’कॉन्स्टीट्यूशन क्लब’ में होने वाली इस बैठक में कांग्रेस के राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और शिवसेना (उबाठा) के उद्धव ठाकरे समेत 23 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को बताया कि 23 राजनीतिक दलों ने ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में भागीदारी की पुष्टि की है। रमेश ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।

किस-किस पार्टी ने बनाई दूरी?

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और आम आदमी पार्टी (आप) के बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है जबकि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के गठबंधन के एक नए घटक के रूप में भाग लेने की संभावना है। ’आप’ पहले ही सार्वजनिक रूप से इस गठबंधन से दूरी बना चुकी है जबकि द्रमुक ने तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा उससे संबंध तोड़कर टीवीके नीत सरकार में शामिल होने के बाद बैठक का बहिष्कार करने का फैसला करने की घोषणा की है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हालिया हार ने भी विपक्षी गठबंधन को देश में भाजपा के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने पर मजबूर किया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article