देश

Rajya Sabha Polls: झारखंड में सियासी खींचतान खत्म, कांग्रेस-झामुमो का हुआ समझौता, राज्यसभा की एक-एक सीट पर लड़ेंगे चुनाव

Rajya Sabha Polls News: इससे पहले झामुमो ने संकेत दिया था कि वह दोनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा और एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी, जबकि कांग्रेस ने भी दो सीटों में से एक के लिए अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया था।

Image

राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और झामुमो में बनी सहमति (फाइल फोटो)

Rajya Sabha Polls News: कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में राज्यसभा चुनाव को लेकर सहमति बन गई है। दोनों दलों ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनावों में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों गठबंधन सहयोगी दलों के नेताओं के बीच एक बैठक में इस बाबत सहमति बनी।राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 18 जून को होंगे।

पहले यहां फंसा था पेच

इससे पहले झामुमो ने संकेत दिया था कि वह दोनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा और एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी, जबकि कांग्रेस ने भी दो सीटों में से एक के लिए अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया था।

बैठक में शामिल एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि हमने मामला सुलझा लिया है और अब झामुमो तथा कांग्रेस एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों ने बताया कि यह सहमति झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के पर्यवेक्षकों भूपेश बघेल एवं अजय शर्मा के बीच सुबह नाश्ते पर हुई बैठक में बनी।

आज हो सकता है बड़ा ऐलान

उन्होंने कहा कि आज रात्रिभोज पर होने वाली एक बैठक में यह संयुक्त घोषणा की जा सकती है कि झामुमो और कांग्रेस एक-एक राज्यसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगे। बैठक में ’इंडिया’ गठबंधन के सभी 56 विधायकों को आमंत्रित किया गया है।

बघेल ने दोनों राज्यसभा सीट पर राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन की जीत का विश्वास जताते हुए रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री सोरेन ने ’इंडिया’ गठबंधन के सभी 56 विधायकों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा, ’’हम यहां दोनों सीट जीतने जा रहे हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के दो उम्मीदवार सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

झामुमो और कांग्रेस ने किसे बनाया उम्मीदवार

झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वह आठ जून को मुख्यमंत्री सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

कांग्रेस ने भी अपने वरिष्ठ पदाधिकारी प्रणव झा को एक राज्यसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। एआईसीसी सचिव झा अभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संचार प्रभारी हैं।

भूपेश बघेल और अजय शर्मा हैं कांग्रेस के पर्यवेक्षक

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अजय शर्मा को झारखंड राज्यसभा चुनावों के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। बघेल और शर्मा ने झा के लिए झामुमो का समर्थन हासिल करने के मकसद से सोरेन से मुलाकात की।

वहीं, भाजपा पहले ही कह चुकी है कि वह एक राज्यसभा सीट पर उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि उसने अभी किसी के नाम की घोषणा नहीं की है।

क्यों इन दो सीटों पर हो रहे चुनाव

बता दें कि झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन की मौत के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई थी, जबकि दूसरी सीट भाजपा सांसद दीपक प्रकाश के 21 जून को छह साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली होगी।

झारखंड विधानसभा के एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा, आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी और भाजपा नेता गौरव वल्लभ समेत पांच उम्मीदवारों ने शनिवार को नामांकन पत्र खरीदे।

ऐसा है झारखंड विधानसभा का गणित

अगर नाथवानी और वल्लभ दोनों मैदान में उतरते हैं तो झारखंड में मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा। झारखंड विधानसभा में ’इंडिया’ गठबंधन के 56 सदस्य हैं जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो सदस्य हैं।

राज्य विधानसभा में राजग के 24 विधायक हैं जिनमें भाजपा के 21 और लोजपा (रामविलास), आजसू तथा जदयू के एक-एक सदस्य हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के एक विधायक हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

सत्य निकेतन हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट: सेफ्टी ऑडिट के लिए तत्काल सुनवाई की मांग, रडार पर PG और हॉस्टल

सत्य निकेतन हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट: सेफ्टी ऑडिट के लिए तत्काल सुनवाई की मांग, रडार पर PG और हॉस्टल

3 दिन के दौरे पर श्रीलंका रवाना हुए राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री ने बताया क्यों खास है इस देश के साथ भारत का रिश्ता

3 दिन के दौरे पर श्रीलंका रवाना हुए राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री ने बताया क्यों खास है इस देश के साथ भारत का रिश्ता

आज की ताजा खबर, 8 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर, योगी जाएंगे अयोध्या...जंग के बीच ईरान ने दिए नई रक्षा रणनीति के संकेत, भारत में पैसिव स्मोकिंग से होनी वाली मौतों में बढ़ोतरी

आज की ताजा खबर, 8 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर, योगी जाएंगे अयोध्या...जंग के बीच ईरान ने दिए नई रक्षा रणनीति के संकेत, भारत में पैसिव स्मोकिंग से होनी वाली मौतों में बढ़ोतरी

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

चीनी नागरिक चला रहे थे इंटरनेशनल सोने की तस्करी का गिरोह, DRI मुंबई ने किया भंडाफोड़...1.10 करोड़ का सोना ऐसे पकड़ा

चीनी नागरिक चला रहे थे इंटरनेशनल सोने की तस्करी का गिरोह, DRI मुंबई ने किया भंडाफोड़...1.10 करोड़ का सोना ऐसे पकड़ा