देश

तमिलनाडु में दोस्ती और दिल्ली में No Entry! थलपति की टीवीके 'INDIA गठबंधन' की बैठक में क्यों नहीं होगी शामिल?

INDIA Bloc Meeting: 'इंडिया गठबंधन' की सोमवार को होने वाली बैठक में 23 राजनीतिक दल शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि कुछ राजनीतिक दलों ने निजी कारणों से इस बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।

Image

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

INDIA Bloc Meeting: चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव नतीजे सामने आने के एक माह बाद विपक्षी दलों का 'INDIA गठबंधन' केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और कार्रवाइयों के खिलाफ रणनीति तैयार करने के लिए दिल्ली में एकजुट हो रही है। विपक्षी दलों की यह बैठक 8 जून दिन सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने जा रही है।

बैठक से पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया कि कुछ राजनीतिक दलों ने निजी कारणों के चलते इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है। हालांकि, उन्होंने बताया कि 23 राजनीतिक दलों ने बैठक में हिस्सा लेने की पुष्टि की है।

विजय की TVK बैठक में लेगी हिस्सा?

तमिलनाडु की एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके ने खुद को 'इंडिया गठबंधन' से अलग किया है। ऐसे में सभी की निगाहें कांग्रेस की नई सहयोगी पार्टी 'टीवीके' पर टिकी हुई हैं कि क्या टीवीके के नेता इस विपक्षी बैठक में शामिल होंगे या नहीं। इसका सीधा जवाब है- नहीं, टीवीके इस बैठक में शामिल नहीं होगी। इसके पीछे दो मुख्य वजहें हैं।

TVK का नहीं है कोई सांसद

कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में केवल उन्हीं पार्टियों को आमंत्रित किया गया है जिनका लोकसभा या राज्यसभा में कोई प्रतिनिधि है। चूंकि टीवीके के पास फिलहाल कोई सांसद नहीं है, इसलिए उन्हें बैठक में शामिल होने का न्योता नहीं दिया गया है।

TVK नहीं है गठबंधन का हिस्सा

तमिलनाडु में भले ही टीवीके का कांग्रेस के साथ गठबंधन है, लेकिन आधिकारिक तौर पर टीवीके अभी तक राष्ट्रीय स्तर पर 'इंडिया गठबंधन' में शामिल नहीं हुई है। आसान भाषा में कहें तो तमिलनाडु में टीवीके और कांग्रेस सहयोगी हैं, लेकिन जब बात राष्ट्रीय राजनीति की होती है तो वहां पर टीवीके 'इंडिया गठबंधन' का हिस्सा नहीं है।

कांग्रेस को आवंटित की राज्यसभा सीट

थलपति विजय ने चुनाव बाद कांग्रेस सहित अन्य दलों के साथ गठबंधन कर तमिलनाडु में सरकार बनाई। कांग्रेस ने विजय को समर्थन देकर द्रमुक के साथ अपने रिश्ते खराब कर लिए। यही कारण है कि द्रमुक ने खुद को 'इंडिया गठबंधन' से अलग कर लिया। जिसके बाद, विजय ने मुश्किल परिस्थितियों में कांग्रेस से मिली इस मदद को सराहा भी और कांग्रेस को राज्यसभा सीट भी दे दी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article