देश

आदमपुर एयर बेस पहुंचे PM मोदी, 'ऑपरेशन सिंदूर' में शामिल जवानों से मुलाकात की, हौसला बढ़ाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आदमपुर एयर बेस पहुंचे और 'ऑपरेशन सिंदूर' में शामिल जवानों से मुलाकात की। बताया गया कि प्रधानमंत्री मंगलवार सुबह एयरबेस पहुंचे और यहां तैनात अधिकारियों और जवानों से मिले और उनका हौसला बढ़ाया। पंजाब के आदमपुर का यह एयरबेस पाकिस्तानी सीमा के समीप है

Image

आमदपुर एयरबेस पर जवानों के साथ पीएम मोदी।

PM Modi at Adampur Airbase: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आदमपुर एयर बेस पहुंचे और 'ऑपरेशन सिंदूर' में शामिल वायु सेना के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। पीएम जवानों के बीच गए, उनसे बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। पीएम ने यहां वायु सेना के टेक्निकल स्टॉफ से भी मुलाकात की। पीएम को अपने बीच पाकर जवान काफी खुश हुए और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। पीएम एयरबेस पर जिस जगह जवानों से मिल रहे थे, वहीं एक मिग-29 और एयर डिफेंस सिस्टम S-400 की तैनाती थी। पंजाब के आदमपुर का यह एयरबेस पाकिस्तानी सीमा के समीप है और रणनीतिक रूप से काफी अहमियत रखता है। 'ऑपरेशन सिंदूर' में इस एयरबेस की अहम भूमिका मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री ने सोमवार रात आठ बजे देश के नाम अपने संबोधन में भी जवानों के शौर्य एवं पराक्रम की खूब सराहना की। आतंकवादियों और उनके ठिकानों को नेस्तनाबूद करने के लिए प्रधानमंत्री ने देश के बहादुर सशस्त्र बलों, सैनिकों, वैज्ञानिकों और खुफिया एजेंसी को ‘सेल्यूट’ किया। उन्होंने कहा, ‘मैं सशस्त्र बलों की इस बहादुरी को, इस देश की माताओं, बहनों और बेटियों को समर्पित करता हूं।’

जवानों से मुलाकात मेरे लिए खास अनुभव-पीएम

अपने इस दौरे के बार में पीएम ने X पर लिखा कि 'आज सुबह मैं आदमपुर के एयर फोर्स स्टेशन गया। यहां मैंने बहादुर वायु वीरों एवं जवानों से मुलाकात की। साहस, दृढ़इच्छाशक्ति और बहादुरी के प्रतीक इन जवानों के साथ समय बीताना मेरे लिए बहुत ही खास अनुभव था। हमारी सशस्त्र सेनाएं देश सेवा के लिए जो करती हैं, उसके लिए भारत हृदय से कृतज्ञता प्रकट करता है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article