देश

गुजरात में 9 हजार हॉर्स पावर का पहला इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव इंजन देश को समर्पित करेंगे पीएम मोदी, 10 हजार नौकरियों की खुलेगी राह

26 और 27 मई को प्रधानमंत्री गुजरात का दौरा करने वाले हैं। इस दौरान उनके कई कार्यक्रम होने तय हैं जिनमें सबसे खास है उनका दाहोद में 9 हजार हॉर्स पावर का पहला लोकोमोटिव इंजन का लोकार्पण करना। दाहोद में मेक इन इंडिया के तर्ज पर 20 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे प्रोडक्शन यूनिट तैयार हुई है। ऐसी उम्मीद है कि ये 10 हजार लोगों के लिए रोजगार का माध्यम बनेगी।

Image

9 हजार हॉर्सपावर के इंजन का होगा लोकार्पण

Photo : Times Now Digital

PM Modi Gujarat Visit: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात की यात्रा पर जा रहे हैं। प्रधानमंत्री 26 और 27 मई को गांधीनगर, कच्छ और दाहोद, इन तीन जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री का भुज में मिरजापर रोड पर जनसभा के बाद मातानो मढ आशापुरा मंदिर के दर्शन का भी कार्यक्रम है। इस दौरे की खास बात यह है कि दाहोद में 20 हजार करोड़ रुपए की लागत से रेलवे प्रोडक्शन यूनिट का निर्माण हुआ है, जिसमें बने 9 हजार हॉर्स पावर के पहले इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव इंजन का लोकार्पण भी किया जाएगा।

अगले 10 सालों में बनेंगे ऐसे 1200 इंजन

दाहोद में पीपीपी मॉडल पर तैयार हुए इस रेल कारखाने में 10 सालों में 1200 इंजन तैयार किए जाएंगे और भविष्य में उन्हें विदेशों में एक्सपोर्ट भी किया जाएगा। आने वाले समय में इस लोकोमोटिव इंजन को 100 प्रतिशत मेक इन इंडिया की तर्ज पर बनाया जाएगा। इस लोकोमोटिव इंजन की खासियत यह है कि ये 4600 टन के कारगो को ढोने की क्षमता रखते हैं। इंजन में पहली बार चालक के लिए एसी तथा टॉयलेट रखे गए हैं। इसके साथ, दुर्घटना से बचने के लिए इंजन में कवर सिस्टम पहले से ही लगाए गए हैं। दाहोद में 20 हजार करोड़ रुपए के खर्च से तैयार रेल कारखाने में आगामी 10 सालों में लगभग 1200 लोकोमोटिव इंजन तैयार होने वाले हैं। दाहोद में हाल में 4 इंजन तैयार हो रहे हैं। इन तमाम इंजनों पर ‘मैन्युफैक्चरिंग बाय दाहोद’ लिखा जाएगा।

gujarat locomotive engine inaguration (2)

खुलेंगे रोजगार के रास्ते

रोजगार के खुलेंगे रास्ते

इस प्रोजेक्ट के चलते दाहोद सहित आसपास के क्षेत्रों में कुल 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इससे खासी मदद मिलेगी। इसके अलावा सबसे कम मूल्य के बिडर के रूप में उभर कर आई मल्टीनेशनल कंपनी को रेलवे इंजन के उत्पादन के लिए कई चीजों की आवश्यकता पड़ेगी और इसके चलते पावर सेक्टर, इंजीनियरिंग सेक्टर की छोटी-बड़ी कंपनियों के लिए इन वस्तुओं की आपूर्ति करने का अवसर पैदा होगा।

इस 9 हजार HP के 6 एक्सल वाले इलेक्ट्रिक इंजन की औसत गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, छत्तीसगढ़ के रायपुर और महाराष्ट्र के पुणे डिपो में इन इंजनों का मैंटेनेंस किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article