देश

'कॉकरोच जनता पार्टी' की रैली पर संकट! कोलकाता पुलिस को मिले दो ईमेल, जांच के बाद होगा अंतिम फैसला

CJP Kolkata Rally: कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में शुक्रवार को एक विशाल रैली निकालने की अनुमति मांगी है। इसके लिए कोलकाता पुलिस को दो ईमेल प्राप्त हुए हैं। देदीप्य गंगोपाध्याय नाम के व्यक्ति ने CJP का सदस्य होने का दावा करते हुए कॉलेज स्क्वायर से रानी रासमणि रोड तक मार्च निकालने की इजाजत मांगी है।

Image

कॉलेज स्क्वायर से रानी रासमणि रोड तक मार्च की तैयारी (फाइल फोटो)

Photo : PTI

CJP Kolkata Rally: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP Protest) के बैनर तले एक रैली आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इस प्रस्तावित रैली को लेकर कोलकाता पुलिस को दो अलग-अलग ईमेल मिले हैं, जिनमें शुक्रवार को शहर में मार्च निकालने की अनुमति मांगी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अनुमति मांगने वाले ये दोनों पत्र 19 जुलाई और 21 जुलाई को भेजे गए थे। इनमें से एक ईमेल संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) और दूसरा संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) को भेजा गया है। आवेदन भेजने वाले व्यक्ति ने अपना नाम देदीप्य गंगोपाध्याय बताया है और खुद को CJP का सदस्य होने का दावा किया है।

जांच के बाद लिया जाएगा फैसला

कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में ईमेल प्राप्त हुए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आवेदन करने वाला व्यक्ति वास्तव में इस संगठन से जुड़ा है या नहीं। पुलिस फिलहाल आवेदक की पहचान, उसके दावों और संगठन की प्रामाणिकता की पड़ताल कर रही है। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कानून के मुताबिक अगला कदम उठाया जाएगा।

1500 लोगों के शामिल होने का दावा

ईमेल में आवेदक ने शुक्रवार शाम 4 बजे मध्य कोलकाता के कॉलेज स्क्वायर से रानी रासमणि रोड तक एक जुलूस निकालने की अनुमति मांगी है। इसके साथ ही यह भी दावा किया गया है कि इस रैली में लगभग 1,500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। पुलिस ने कहा है कि अनुमति देने या न देने का फैसला करने से पहले आवेदक के बैकग्राउंड और कार्यक्रम की रूपरेखा की पूरी जांच की जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article