CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जंतर-मंतर को वॉर जोन बना दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि आप धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए, नहीं तो आपके इस्तीफे पर बात आ जाएगी।
PM मोदी पर बरसे दीपके
अभिजीत दीपके ने कहा, ''प्रधानमंत्री जी, आप धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लीजिए, नहीं तो बात आपके इस्तीफे पर भी आ जाएगी। जैसी आपकी हरकतें हैं, वो बात आएगी... छात्रों की बात सुन लीजिए। एक नाकाबिल और फेल मिनिस्टर इस देश के छात्रों से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हो सकता है। अगर एक मिनिस्टर इन करोड़ों छात्रों से ज्यादा महत्वपूर्ण है तो याद रखिएगा कि चुनाव में आपको इनमें से कोई भी वोट नहीं देगा।''
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ''आज पहली बार उन्होंने प्रोटेस्ट का नोटिस लिया है और ट्वीट किया है। तो ऐसा नहीं है कि सरकार को पता नहीं है, बल्कि सरकार नर्वस जरूर है।'' दीपके ने कहा, ''प्रधानमंत्री को इस पर ध्यान देने और ट्वीट करने में 34 दिन लग गए। देश के प्रधानमंत्री का ट्वीट तब नहीं आया जब 20 से ज्यादा बच्चों ने आत्महत्या की, जब सोनम वांगचुक अपनी जान को दांव पर लगाकर अनशन पर बैठे।''
दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन का आज 26वां दिन है और उनका अनशन खत्म नहीं हुआ। ताली मत बजाइये, ताली बजाने वाली बात नहीं है। एक इंसान 26 दिनों से आपके लिए भूखा है... यह शर्म की बात है कि सरकार अभी भी धर्मेंद्र प्रधान को बचा रही है।
'जंतर-मंतर पर नहीं चल रहा इंटरनेट'
दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर न तो किसी के फोन आते हैं और न ही हम इंटरनेट चला पा रहे हैं। इन लोगों ने जंतर-मंतर को वॉर जोन बना रखा है... 10 मिनट की दूरी पर मेरे दोस्त का घर मैं वहां पर गया था, लेकिन वहां से आने में मुझे एक घंटे लग गए। उन्होंने कहा, ''अगर सरकार ने पेपर लीक रोकने में उतनी ही मेहनत की होती, जितनी उसने जैमर लगाने, पुलिस फोर्स तैनात करने और बैरिकेड लगाने में की है, तो 22 युवाओं की जान बचाई जा सकती थी।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'जंतर-मंतर आने से डर रही सरकार...', CJP ने बातचीत के लिए 'नड्डा आवास' जाने से किया इनकार; बताई अपनी शर्त
'कनॉट प्लेस की दुकानें होंगी बंद'
दीपके ने कहा, ''अभी-अभी मुझे पता चला है कि आज शाम से कनॉट प्लेस की दुकानें भी बंद होंगी। हर जगह बैरिकेडिंग लगा रखी है, क्या होगी इससे... नरेंद्र मोदी पूरी दिल्ली को ठप करने के लिए तैयार हैं, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए तैयार नहीं हैं। भले ही दिल्ली को ठप कर दें, लेकिन मुंबई, जयपुर, मध्य प्रदेश, चेन्नई, बैंगलोर सहित देशभर में प्रोटेस्ट हो रहा है।''
