स्पोर्ट्स

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: आगाज से पहले भारत को झटका, डोपिंग में फंसकर बाहर हुआ जूडो खिलाड़ी

Commonwealth Games 2026: अरुण कुमार ने पिछले महीने चीन के किंगदाओ में ग्रां प्री में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के इतर हुए डोप परीक्षण में उनका सैंपल पॉजिटिव आया। अरुण ने पिछले साल ताइपे एशियाई ओपन में गोल्ड मेडल जीता था और उनसे ग्लास्गो में पदक की उम्मीद थी।

Image

अरुण कुमार डोप टेस्ट में फेल (फोटो साभार- International judo federation)

Commonwealth Games 2026: भारतीय जूडो दल को ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले बड़ा झटका लगा है। 73 किग्रा वर्ग के खिलाड़ी अरुण कुमार को डोप टेस्ट में फेल होने के बाद टीम से बाहर कर दिया गया है। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने अरुण को एनाबोलिक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए जाने पर अस्थाई तौर पर निलंबित कर दिया है। अरुण कुमार ने पिछले महीने चीन के किंगदाओ में ग्रां प्री में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के इतर हुए डोप परीक्षण में उनका सैंपल पॉजिटिव आया। भारतीय जूडो महासंघ से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "निलंबन की अधिसूचना आ गई है। हमें उन्हें हटाना पड़ा।"

एशियाई ओपन में जीता था गोल्ड

21 साल के अरुण ने पिछले साल ताइपे एशियाई ओपन में गोल्ड मेडल जीता था और उनसे ग्लास्गो में पदक की उम्मीद थी। जूडो दल अभी ग्लास्गो के लिए रवाना नहीं हुआ है। उनकी प्रतियोगिता 31 जुलाई से शुरू होगी और टीम 27 जुलाई को रवाना होने वाली है। भारत ने इस बार जूडो के लिए 14 सदस्यीय मजबूत टीम चुनी थी, जिसमें सात पुरुष और सात महिला खिलाड़ी थीं। अरुण के हटने के बाद अब टीम में 13 खिलाड़ी रह गए हैं। वहीं, पूरे भारतीय दल में खिलाड़ियों की संख्या 124 रह गई है। शुरुआत में 126 खिलाड़ियों का चयन हुआ था, लेकिन पैरा तैराक तेजस नंदकुमार को वर्गीकरण पात्रता पूरी नहीं कर पाने के कारण पहले ही हटाया जा चुका है।

भारतीय खिलाड़ियों का रिकॉर्ड अच्छा

भारतीय जूडो खिलाड़ियों का कॉमनवेल्थ गेम्स में रिकॉर्ड अच्छा रहा है। बर्मिंघम 2022 में छह सदस्यीय टीम ने दो रजत और एक कांस्य समेत तीन पदक जीते थे। इस बार पिछले खेलों की रजत पदक विजेता तुलिका मान 78 किग्रा से अधिक वजन वर्ग में गोल्ड पर निशाना लगाएंगी। ग्लास्गो की तैयारी के लिए जूडो खिलाड़ियों ने 17 जुलाई तक जापान की साकुबा यूनिवर्सिटी में ट्रेनिंग की थी। अरुण के बाहर होने से 73 किग्रा वर्ग में भारत की चुनौती कमजोर पड़ी है। नाडा की अंतिम सुनवाई के बाद अरुण पर लंबा बैन भी लग सकता है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article