देश

अरुणाचल प्रदेश पहुंचे पीएम मोदी, 5100 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की देंगे सौगात; त्रिपुरा का भी दौरा कर प्रसिद्ध मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना

प्रधानमंत्री 22 सितंबर यानी आज अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर रहेंगे और ईटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगे और एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।

Image

अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर जा रहे पीएम मोदी। Photo- ANI

PM Modi in Arunachal Pradesh/ Tripura: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि वह होलोंगी के डोनयी पोलो हवाई अड्डे पर उतरे और हेलीकॉप्टर से ईटानगर स्थित राजभवन के लिए रवाना हुए। राज्यपाल केटी परनाइक और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राजभवन हेलीपैड पर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। इनमें शि योमी जिले में दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं और तवांग में एक कन्वेंशन सेंटर शामिल हैं। वह इंदिरा गांधी पार्क में एक समारोह में वर्चुअल माध्यम से इन परियोजनाओं का अनावरण करेंगे, जहां वह एक रैली को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री अरुणाचल प्रदेश की यात्रा के दौरान 3,700 करोड़ रुपये की दो पनबिजली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री 22 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे और ईटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगे और एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे।

क्या है प्रोग्राम?

पीएम मोदी 186 मेगावाट की तातो-1 और 240 मेगावाट की हीओ पनबिजली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा मोदी तवांग में एकीकृत अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि 240 मेगावाट की हीओ परियोजना का विकास 1,939 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा जिससे हर साल करीब 1,000 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है।

अत्याधुनिक सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री तवांग में 145 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने एक अत्याधुनिक सम्मेलन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। सीमावर्ती जिले तवांग में 9,820 फुट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित यह केन्‍द्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, सांस्कृतिक उत्सवों और प्रदर्शनियों की मेजबानी के लिए एक ऐतिहासिक इमारत के रूप में कार्य करेगा। 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों की मेजबानी करने की क्षमता के साथ, यह केन्‍द्र वैश्विक मानकों को पूरा करेगा और क्षेत्र की पर्यटन और सांस्कृतिक संभावना में सहयोग करेगा।

प्रधानमंत्री 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनेक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे, जो संपर्क, स्वास्थ्य, अग्नि सुरक्षा, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावासों सहित विभिन्न क्षेत्रों को लाभान्वित करेंगी। इन पहलों से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने, जीवन स्तर में सुधार और संपर्क में सुधार होने की उम्मीद है।

'माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर' जाएंगे पीएम मोदी

इसके बाद, वह त्रिपुरा का दौरा करेंगे और भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद) योजना के तहत माताबाड़ी में 'माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर' के विकास कार्य का उद्घाटन करेंगे।

यह त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर शहर में स्थित प्राचीन 51 शक्तिपीठों में से एक है। अधिकारियों ने बताया कि मोदी अगरतला के महाराजा वीर विक्रम (एमबीबी) हवाई अड्डे पर उतरेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से पलातना जाएंगे, जहां से वे सड़क मार्ग से मंदिर जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के अपराह्न लगभग तीन बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी रिंकू लाठेर ने 'PTI' को बताया, 'वह पुनर्विकसित मंदिर का उद्घाटन करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। यह 45 मिनट का कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री कोई भाषण नहीं देंगे।' मुख्यमंत्री माणिक साहा, उनके कैबिनेट सहयोगी और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। मोदी का 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से यह त्रिपुरा का 11वां दौरा होगा।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article