बीकानेर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीकानेर के पलाना (देशनोक) में गुरुवार को कहा कि दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया कि जब सिंदूर बारुद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है।
राजस्थान में बीकानेर आए प्रधानमंत्री मोदी ने पलाना में, भारतीय सैन्य बलों द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादियों और उनके ठिकानों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दे दी थी और तीनों सेनाओं ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया ।
पाकिस्तान को हर बार मुंह की खानी पड़ती है
उन्होंने कहा कि दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया कि जब सिंदूर बारुद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है। मोदी ने कहा कि पाकिस्तान, भारत से कभी सीधी लड़ाई जीत ही नहीं सकता। उन्होंने कहा ‘जब भी सीधी लड़ाई होती है तो बार बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ती है। इसलिए पाकिस्तान ने आतंकवाद को भारत के खिलाफ लड़ाई का हथियार बनाया है।’ उन्होंने कहा कि परमाणु बम की गीदड़ भभकियों से भारत डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा ‘पाकिस्तान के साथ न ट्रेड(व्यापार) होगा न टॉक(वार्ता)। बात होगी तो सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की।’
पाकिस्तान को दो टूक चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने पाकिस्तान को भारी कीमत चुकाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब भारत ने दो टूक साफ कर दिया है कि हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ये कीमत पाकिस्तान की सेना और वहां की अर्थव्यवस्था चुकाएगी। पाकिस्तान ने अगर आतंकियों को एक्सपोर्ट करना जारी रखा तो उसको पाई-पाई के लिए मोहताज होना होगा। पाकिस्तान को भारत के हक का पानी नहीं मिलेगा। भारतीयों के खून से खेलना पाकिस्तान को अब महंगा पड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ये संयोग ही है कि 5 साल पहले जब बालाकोट में देश ने एयर स्ट्राइक की थी, उसके बाद मेरी पहली जनसभा राजस्थान में ही सीमा पर हुई थी। वीरभूमि का ही ये तप है कि ऐसा संयोग बन जाता है। अब इस बार जब ऑपरेशन सिंदूर हुआ, तो उसके बाद मेरी पहली जनसभा फिर यहां बीकानेर में आप सभी के बीच हो रही है।
सिंदूर मिटाने वाले मिट्टी में मिल गए
उन्होंने आगे कहा कि एयर स्ट्राइक के बाद मैं जब चुरू आया था, तो मैंने कहा था कि "सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।" आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़ी नम्रता से कहना चाहता हूं कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया गया है। जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे-कतरे का हिसाब चुकाया है। जो सोच चुके थे कि भारत चुप रहेगा, आज वो घरों में दुबके पड़े हैं। जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वो मलबे के ढेर में दबे हुए हैं।
आतंक का फन कुचलने को तैयार है नया भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "ये शोध-प्रतिशोध का खेल नहीं, ये न्याय का नया स्वरूप है। ये 'ऑपरेशन सिंदूर' है। ये सिर्फ आक्रोश नहीं है, ये समग्र भारत का रौद्र रूप है। ये भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर वार किया था, अब सीधा सीने पर प्रहार किया है। आतंक का फन कुचलने की यही नीति है, यही रीति है। यही भारत है, नया भारत है।"
103 अमृत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशनोक रेलवे स्टेशन का दौरा किया तथा बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने 1100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकसित 103 अमृत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया जिसमें राजस्थान के 8 रेलवे स्टेशन (फतेहपुर शेखावाटी, देशनोक, बूंदी, मांडलगढ़, गोगामेड़ी, राजगढ़, गोविंदगढ़, मंडावर-महुआ रोड) शामिल हैं।
भारत अपने ट्रेनों के नेटवर्क को भी आधुनिक कर रहा हैं
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए आज देश में आधुनिक अवसंरचना तैयार करने का बहुत बड़ा महायज्ञ चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत अपने ट्रेनों के नेटवर्क को भी आधुनिक कर रहा हैं और वंदे भारत ट्रेनें, अमृत भारत ट्रेनें, नमो भारत ट्रेनें देश की नई गति व नई प्रगति को दर्शाती हैं ।’उन्होंने कहा कि हमारे देश की सड़कें, हमारे हवाईअड्डे आधुनिक हों... हमारे यहां रेल और रेलवे स्टेशन आधुनिक हों, इसके लिए पिछले 11 साल में अभूतपूर्व गति से काम किया गया है।
