देश

Parliament: पीएम मोदी की शीर्ष मंत्रियों के साथ अहम बैठक, विपक्षी पार्टियो ने संसद परिसर में मानव शृंखला बनाकर JPC मांग दोहराई

  • Reported by: रंजीता झाEdited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 16, 2023, 04:45 PM IST

राहुल गांधी के ब्रिटेन में दिए गए बयान और ईडी छापेमारी सहित कई मुद्दों पर संसद में संग्राम मचा हुआ है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।

Image

प्रधानमंत्री मोदी की शीर्ष मंत्रियों के साथ संसद भवन में बैठक (File Photo)

Photo : ANI

PM Modi Meeting With Top Ministers: संसद के बजट सत्र में ब्रिटेन में राहुल गांधी के बयान से लेकर गौतम अडानी और ईडी की छापेमारी तक कई मुद्दों पर घमासान मचा हुआ है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में बैठकों का दौर जारी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने शीर्ष मंत्रियों के साथ संसद भवन में अहम बैठक की। अनुमान है कि इस बैठक में विपक्ष से निपटने के तरीके पर चर्चा हुई।

कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने भी कसी कमर

वहीं, कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने भी कमर कस ली है। कल विपक्ष ने ईडी के खिलाफ उसके दफ्तर के बाहर प्रदर्शन की योजना बनाई थी। लेकिन प्रदर्शनकारी नेताओं को पहले ही रोक लिया गया था। आज नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में विपक्ष के कई नेताओं की संसद भवन में बैठक हुई। इसमें सरकार को कई मुद्दों पर घेरने पर रणनीति तैयार हुई। विपक्ष की बैठक में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन, सपा नेता रामगोपाल यादव, राजद सांसद मनोज झा सहित विपक्ष के कई नेता शामिल हुए।

बैठक में ये पार्टियां रहीं शामिल

विपक्षी सांसदों द्वारा संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के चारों ओर एक मानव श्रृंखला बनाए जाने का फैसला लिया गया, ताकि देश को लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया जा सके। इस बैठक में कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), शिवसेना, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), जनता दल (यू), झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), एमडीएमके, आम आदमी पार्टी (आप), वीसीके और आईयूएमएल के नेता शामिल थे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कल विदेश से लौट आने के बाद आज संसद की कार्यवाही में भाग लेने की संभावना है। उनकी लोकतंत्र संबंधी लंदन की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। इस बीच, कई विपक्षी सांसदों ने अडाणी समूह के खिलाफ लगे आरोपों पर चर्चा करने और मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग को लेकर दोनों सदनों में नोटिस दिए हैं।

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार को शुरू हुआ और उसके बाद से ही हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित है। आज भी राहुल के बयान और अडाणी मुद्दे को लेकर दोनों सदनों की बैठक शुरू होने पर हंगामा हुआ जिसके चलते दोनों सदनों में कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही एक बार फिर हंगामा मच गया। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

विपक्षी पार्टियो द्वारा संसद में किए प्रदर्शन में अधीर रंजन चौधरी ने टाइम्स नाउ नवभारत से बात करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष संसद नहीं चलने दे रही, अगर राहुल गांधी के बयान का मुद्दा है तो सदन में उसपर भी चर्चा हो सकती है, लेकिन अडानी मुद्दे पर सरकार के पास जवाब नहीं है इसलिए मुद्दे को भटका रही है। अधीर रंजन चौधरी ने दावा किया कि राहुल गांधी ने लंदन में एक शब्द ऐसा नहीं कहा जिससे देश की छवि धूमिल हो, साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के पुराने बयान की जांच की मांग की। विपक्षी पार्टियों की आज की बैठक में ये भी फैसला लिया गया की अडानी मामले पर जांच की मांग को लेकर सभी विपक्षी पर्टिया राष्ट्रपति से मिलने का समय भी मांगेंगी।

बता दें कि राहुल गांधी का बयान, ईडी की छापेमारी, महंगाई समेत कई मुद्दों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। इसके चलते संसद की कार्यवाही रोजाना बाधित हो रही है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article