देश

सुवेंदु के शपथ ग्रहण से पहले PM मोदी का बांग्ला में पोस्ट, पचोइशे बोइशाख पर गुरुदेव को किया याद

पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के बीच पीएम मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर बांग्ला में संदेश साझा किया।

Image

एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री ने टैगोर को किया याद

Photo : Times Now Digital

पश्चिम बंगाल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। इस बड़े राजनीतिक बदलाव के बीच, पीएम मोदी ने 'पचोइशे बोइशाख' के अवसर पर विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित कर बंगाल की सांस्कृतिक आत्मा को याद किया है।

प्रधानमंत्री का संदेश: टैगोर की विचारधारा से आलोकित होगा पथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बांग्ला भाषा में पोस्ट साझा करते हुए गुरुदेव टैगोर को याद किया। उन्होंने लिखा, "आज पचोइशे बोइशाख के विशेष अवसर पर हम गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वे एक अद्वितीय लेखक और चिंतक थे, जिन्होंने भारत की सभ्यता की आत्मा को स्वर दिया। उनकी विचारधारा हमारे मन को आलोकित करती रहे और हमारे प्रयासों को दिशा देती रहे।" राजनीतिक विश्लेषक पीएम के इस संदेश को बंगाल की नई सरकार के मार्गदर्शक सिद्धांतों से जोड़कर देख रहे हैं।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में अभूतपूर्व सुरक्षा, शपथ की तैयारी पूरी

कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड आज सत्ता परिवर्तन का गवाह बन रहा है। शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कल हुई विधायक दल की बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने औपचारिक रूप से घोषणा की थी कि सुवेंदु अधिकारी के नाम पर सर्वसम्मति बनी है। शाह ने कहा, "आठ प्रस्ताव प्राप्त हुए और सभी में केवल एक ही नाम (सुवेंदु अधिकारी) था, इसलिए उन्हें पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित किया जाता है।"

विधानसभा में कैबिनेट की पहली बैठक की तैयारी

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नई सरकार एक्शन मोड में नजर आ सकती है। विधानसभा सचिवालय में संभावित मंत्रिमंडल की पहली बैठक को लेकर तैयारियां तेज हैं। आधिकारिक सूचना का इंतजार है, लेकिन माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी अपने कैबिनेट के साथ पहली औपचारिक बैठक कर सकते हैं, जिसमें राज्य के विकास के लिए बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article