Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दीपावली की रात राष्ट्रपति भवन में सैनिक के रूप में तैनात सौरभ तोमर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। हालांकि, परिवार का कहना है कि उन्हें अब भी जान का खतरा बना हुआ है। परिजनों ने मुख्य आरोपी धीरज सहित सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से मुख्य आरोपी का फरार होना परिवार की चिंता बढ़ा रहा है।
मामला बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खडाना गांव का है। परिजनों के अनुसार, दीपावली की रात हमलावर उनके घर के सामने पहुंचे और तीन राउंड फायरिंग की। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया। इस दौरान राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ के सिर में गोली लग गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमले में उसका भाई विनीत भी घायल हो गया।
मेरठ के अस्पताल में सौरभ का इलाज जारी
गोली लगने के बाद सौरभ को गंभीर हालत में मेरठ के मिमेन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। पुलिस ने अब पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करा दी है।
हालांकि, परिजनों का कहना है कि सुरक्षा मिलने के बावजूद उन्हें हमले का डर सता रहा है। परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने घर के सामने पहुंचकर जिस तरह फायरिंग और मारपीट की, उससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। परिजन चाहते हैं कि मुख्य आरोपी धीरज सहित सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस का दावा- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
इस मामले में सौरभ की मां सुदेश और घायल भाई विनीत तोमर उर्फ मिंटू ने अपनी आपबीती बताई है। दोनों ने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, बड़ौत की पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशु जैन का कहना है कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। फिलहाल, परिवार की सुरक्षा के बीच पुलिस के सामने मुख्य आरोपी धीरज सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है।
