देश

गुजरात के 2 दिन के दौरे पर जाएंगे PM, Rs 1,122 करोड़ की लागत वाली बिजली वितरण परियोजनाओं की देंगे सौगात

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री 25 अगस्त की शाम अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद नरोदा से निकोल क्षेत्र तक तीन किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि रोड शो के रास्ते और निकोल में कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक लाख लोग मौजूद रहेंगे।

Image

25 और 26 अगस्त को गुजरात दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 और 26 अगस्त को दो दिन के गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राजस्व, ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल से जुड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,122 करोड़ रुपए की लागत वाली पांच बड़ी बिजली वितरण परियोजनाएं भी हैं। इन परियोजनाओं से 4.35 लाख उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचेगा। पीएम इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित घरों का उद्घाटन और 5,477 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

तीन किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे पीएम

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री 25 अगस्त की शाम अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद नरोदा से निकोल क्षेत्र तक तीन किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि रोड शो के रास्ते और निकोल में कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक लाख लोग मौजूद रहेंगे, जहां से वह 5,477 करोड़ रुपये की विभिन्न केंद्रीय और राज्य सरकार की परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री अहमदाबाद शहर में रामापीर टेकरा नामक झुग्गी बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 133.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1,449 मकानों और 130 दुकानों का उद्घाटन करेंगे।

एसपी रिंग रोड के उन्नयन की आधारशिला रखेंगे

उन्होंने बताया कि मोदी अहमदाबाद शहर के आसपास चार लेन वाली एसपी रिंग रोड के उन्नयन की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना के तहत सरकारी और निजी कंपनियों की भागीदारी से दो चरणों में छह लेन वाली सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस पर गति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक्सप्रेसवे मानकों के अनुसार नियंत्रित पहुंच होगी। अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (एयूडीए) के अंतर्गत जल जीवन मिशन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

10 गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा

दस्करोई तालुका में 27 करोड़ रुपये की लागत से एक जल पम्पिंग स्टेशन का निर्माण किया गया है, साथ ही 23 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन भी बिछाई गई है। पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की जाने वाली इस परियोजना से एयूडीए क्षेत्र के 10 गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। प्रधानमंत्री शेला, मणिपुर, गोधावी, साणंद और तेलव क्षेत्रों के लिए बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह अहमदाबाद नगर निगम के अंतर्गत लॉ गार्डन और मिथाखाली क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा थलतेज, नरनपुरा और चांदखेड़ा वार्डों में नए जल वितरण केंद्रों की स्थापना का भी शिलान्यास किया जाएगा। वह सरखेज वार्ड में एक ‘मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ और साबरमती तथा अहमदाबाद स्टेशनों के बीच चार लेन वाले रेलवे ओवरब्रिज के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे।

परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री कलाना-छरोड़ी में टीपी योजना संख्या 139/सी, 141 और 144 के तहत 38.25 करोड़ रुपये की लागत से 24 मीटर और 30 मीटर लंबी सड़कों को चार लेन वाली सड़कों में परिवर्तित करने की आधारशिला रखेंगे। पटेल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री गांधीनगर में 281 करोड़ रुपये की शहरी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।’ इन परियोजनाओं में टीपी-24 रंधेजा में दो ‘सीवेज पंपिंग स्टेशन’ का निर्माण, पेथापुर में वर्षा जल निकासी के लिए एक पाइप लाइन बिछाना और 72 करोड़ रुपये की लागत से ढोलकुवा से पंचेश्वर सर्कल तक मेट्रो रेल के समानांतर एक सड़क का निर्माण शामिल है।

भाट-मोटेरा लिंक रोड के नवीनीकरण की आधारशिला

वह कोबा, रायसन और रांदेसन में पानी और सीवर लाइनें बिछाने और भाट-मोटेरा लिंक रोड के नवीनीकरण की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री मेहसाणा जिले के लिए 1,796 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और दो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जिनमें मेहसाणा-पालनपुर रेलवे लाइन (65 किलोमीटर) का दोहरीकरण, कलोल-कडी-कटोसन लाइन (37 किलोमीटर) और बेचाराजी-रानुनज लाइन (40 किलोमीटर) का आमान परिवर्तन शामिल है। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को वह मारुति सुजुकी के पहले इलेक्ट्रिक वाहन ‘ई-विटारा’ के लिए अहमदाबाद के पास कंपनी के हंसलपुर संयंत्र में उत्पादन लाइन का उद्घाटन करेंगे।

(इनपुट भाषा)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article