PM Modi at Vibrant Gujarat Summit: वाइब्रेंट गुजरात समिट 2024 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनका लक्ष्य देश को अगले 25 वर्षों में एक विकसित राष्ट्र बनाना है। जल्द ही भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकॉनमी बन जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मोदी की गारंटी है। भारत अभी विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। अगले 25 साल भारत के लिए अमृतकाल हैं।
अगले 25 वर्ष का समय भारत के लिए अमृतकाल
शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'हाल ही में भारत ने अपनी आजादी का 75वां वर्ष पूरा किया। अब भारत अपने अगले 25 वर्ष के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए काम कर रहा है। अपनी आजादी के 100वें वर्ष के जश्न तक हमने भारत को एक विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है। इसलिए 25 वर्षों का यह समय भारत का अमृतकाल है।'
'अमृत काल' का यह पहला वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन
प्रधानमंत्री ने कहा कि 'अमृत काल' का यह पहला वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन है। इसलिए यह आयोजन और महत्व रखता है। इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि आए हैं। ये सभी लोग भारत की विकास यात्रा के अहम साथी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन के लिए यूएई के राष्ट्रपति शेख महोम्मद बिन जायद का यहां आना हमारे लिए काफी प्रसन्नता की बात है। मुख्य अतिथि के रूप में उनकी मौजूदगी भारत और यूएई के मजबूत होते रिश्ते का प्रतीक है।
भारत को एक मजबूत स्तंभ के रूप में देख रही दुनिया-पीएम
पीएम ने कहा, 'दुनिया स्थिरता के लिए भारत को एक मजबूत स्तंभ के रूप में देख रही है। भारत वह देश है जिस पर भरोसा किया जा सकता है..भारत ऐसा देश है जो नागरिक केंद्रित विकास में विश्वास करता है। भारत वैश्विक भलाई के लिए आवाज उठाता है। वह ग्लोबल साउथ का आवाज बना। भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास का इंजन बना है। समस्याओं का समाधान ढूंढने के लिए तकनीक का एक केंद्र बना है।...यहां युवाओं का जमघट है...और यहां का लोकतंत्र अपनी सफलतापूर्वक जिम्मेदारी निभा रहा है।'
यूएई के साथ हुए अहम समझौते
पीएम ने बताया कि बंदरगाह संरचना में यूएई की कंपनियों के साथ अरबों डॉलर मूल्य के नए निवेश पर समझौते हुए हैं। भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था के बारे में जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज हम विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। आज से 10 साल पहले हम 11वें पायदान पर थे। आज सबी वित्तीय एजेंसियां यह कह रही हैं कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगाी।
