PM Modi On Washington Incident: वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के माध्यम से इस हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।
"लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं": पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के सुरक्षित होने की खबर सुनकर उन्हें राहत मिली है। उन्होंने कहा "यह जानकर राहत मिली कि वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हुई हालिया सुरक्षा घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित और सकुशल हैं। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और भलाई के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और इसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।"
वॉशिंगटन हिल्टन में क्या हुआ?
शनिवार रात (अमेरिकी समयानुसार) वॉशिंगटन के प्रतिष्ठित हिल्टन होटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान होटल की लॉबी में गोलियों की आवाज सुनाई दी। उस समय राष्ट्रपति ट्रंप भाषण देने की तैयारी में थे। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स ने तुरंत राष्ट्रपति और मेलानिया ट्रंप को मंच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जिसके बाद होटल को तत्काल लॉकडाउन कर दिया गया और सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।
भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती का संदेश
पीएम मोदी का यह संदेश दोनों नेताओं के बीच घनिष्ठ संबंधों और वैश्विक स्तर पर भारत-अमेरिका की साझेदारी को दर्शाता है। इससे पहले भी 2024 में पेनसिल्वेनिया रैली के दौरान हुए हमले पर पीएम मोदी ने गहरी चिंता व्यक्त की थी। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि राजनीतिक विरोध या किसी भी असहमति के लिए हिंसा का सहारा लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के पूरी तरह खिलाफ है।
