देश

रामनगरी में दिखेगा अद्भुत नजारा! 3-D लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी से जगमगाएगी अयोध्या, जानें कौन करेंगे दीपोत्सव का आगाज

Deepotsav Ayodhya:अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 का आगाज शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट दीपों से जगमग होंगे। राम की पैड़ी पर 3-D लेजर शो, ड्रोन शो, आतिशबाजी और रामायण पर आधारित झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। आयोजन में 13 राज्यों के दल और करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे।

Image

अयोध्या में दीपोत्सव का महा-आयोजन, 56 घाटों पर जगमगाएंगे लाखों दीप।

Deepotsav Ayodhya: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 की शुरुआत शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन संतों और धर्माचार्यों की उपस्थिति में करेंगे। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। दीपोत्सव के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों से जगमग होंगे, जबकि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया जाएगा।

कई झांकियां बनेंगी आकर्षण का केंद्र

दीपोत्सव में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश के 13 राज्यों के दल भाग लेंगे। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। धर्मपथ सहित अन्य प्रमुख मार्गों को विशेष थीम वाली आधुनिक रोशनी और एलईडी पैनलों से सजाया जाएगा।

बयान के अनुसार, राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और भव्य लेजर शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो और नया घाट पर संगीत के साथ आतिशबाजी दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएगी।

अंतरराष्ट्रीय और भारतीय रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। वहीं, देश और प्रदेश के करीब दो हजार कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर रामनगरी को भक्तिमय बनाएंगे। इस भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जयवीर सिंह सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article